बिहारः सात माह में 4848 घटनाएं, 2070 हत्या, 345 ब्लात्कार, 144 अपहरण और 700 हत्या के प्रयास के मामले शामिल, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बोला हमला
By एस पी सिन्हा | Updated: April 21, 2023 15:28 IST2023-04-21T15:26:49+5:302023-04-21T15:28:01+5:30
केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने नीतीश कुमार नीत सरकार पर राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि ‘‘हत्या, बलात्कार और अपहरण की घटनाओं में पिछले साल अगस्त में ‘‘महागठबंधन’’ सरकार के सत्ता में आने के बाद से कई गुना वृद्धि हुई है।’’

‘महागठबंधन सरकार’ पर अपराधियों को पनाह देने का आरोप लगाते हुए लिखा है, ‘‘हत्या, लूट, दुष्कर्म से त्रस्त बिहार है। अपराधियों की बहार है।...क्योंकि अपराध को पनाह देने वाली बिहार नीतिश-तेजस्वी की सरकार है।
पटनाः बिहार में महागठबंधन की सरकार गठन के बाद से ही भाजपा सत्ता पक्ष को घेरने में कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इस बीच अब केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने नीतीश-तेजस्वी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने नीतीश कुमार की सरकार पर राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए एक डाटा जारी किया है।
इस आकड़ों के माध्यम से हत्या, दुष्कर्म और अपहरण की घटनाओं को लेकर एक डाटा पेश किया है। यह आंकड़ा 9 अगस्त को महागठबंधन की सरकार के गठन के बाद का है। नित्यानंद ने ट्वीट कर लिखा है कि बिहार में पिछले सात महीनों की बात करें तो गंभीर अपराध की 4848 घटनाएं हुई हैं।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने आपराधिक घटनाओं का रिकॉर्ड साझा करते हुए ट्वीट किया है- "नौ अगस्त, 2022 को नीतीश-तेजस्वी की सरकार बिहार में बनी है। तब से लेकर आज तक 4848 अपराध की घटनाएं बिहार में हुई हैं। इनमें से 2070 हत्याएं, 345 ब्लात्कार, 144 अपहरण और 700 हत्या के प्रयास के मामले हुए हैं।
इसके साथ ही नित्यानांद राय ने 'महागठबंधन सरकार' पर अपराधियों को पनाह देने का आरोप लगाते हुए लिखा- "हत्या, लूट, दुष्कर्म से त्रस्त बिहार है। अपराधियों की बहार है... क्योंकि अपराध को पनाह देने वाली बिहार नीतीश-तेजस्वी की सरकार है। बिहार की महागठबंधन सरकार कान में रूई डालकर मौन बैठी है। अपराधी बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे।
वहीं, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने यह भी दावा किया कि जब बिहार में भाजपा की सरकार आएगी तभी यहां से अपराध जाएगा। इधर, नित्यानंद के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद के तरफ से कहा कि भाजपा नेताओं को विपक्षी दलों द्वारा शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर टिप्पणी करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा शासित राज्यों में पुलिस हिरासत में लोग मारे जा रहे हैं। महागठबंधन सरकार ने बिहार में कानून का राज स्थापित किया है।