भगवान पर भी हाथ साफ कर अपराधी?, सारण में राम-जानकी शिव मंदिर में लाखों रुपये मूल्य की मूर्तियां चोरी

By एस पी सिन्हा | Updated: January 5, 2026 17:02 IST2026-01-05T17:01:50+5:302026-01-05T17:02:48+5:30

सारण जिले के मशरख थाने से बिल्कुल सटे ऐतिहासिक राम-जानकी शिव मंदिर में बीती रात धावा बोलकर लाखों रुपये मूल्य की मूर्तियां चोरी कर ली।

bihar police so rahi hai Criminals stealing God too Idols worth lakhs rupees stolen from Ram-Janaki Shiva temple in Saran | भगवान पर भी हाथ साफ कर अपराधी?, सारण में राम-जानकी शिव मंदिर में लाखों रुपये मूल्य की मूर्तियां चोरी

सांकेतिक फोटो

Highlightsगर्भगृह के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्ती पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।मूर्तियां भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की हैं, जो बेशकीमती अष्टधातु से बनी थीं।

पटनाः बिहार में सुशासन की सरकार में अब भगवान खुद को भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। बेखौफ अपराधी भगवान पर भी हाथ साफ कर दे रहे हैं। इसी कड़ी में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए सारण जिले के मशरख थाने से बिल्कुल सटे ऐतिहासिक राम-जानकी शिव मंदिर में बीती रात धावा बोलकर लाखों रुपये मूल्य की मूर्तियां चोरी कर ली।

चोरों ने मंदिर के पीछे का ताला काटकर प्रवेश किया और फिर गर्भगृह के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। थाने की दीवार से सटे मंदिर में हुई इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्ती पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरी गई मूर्तियां भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की हैं, जो बेशकीमती अष्टधातु से बनी थीं।

ये मूर्तियां सैकड़ों साल पुरानी बताई जा रही हैं, जिनकी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के साथ-साथ बाजार में कीमत भी लाखों में है। सोमवार को सुबह जब मंदिर के पुजारी नित्य पूजा के लिए पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। मंदिर के पास ही चोरों द्वारा इस्तेमाल किया गया कटर और मूर्तियों से उतारे गए वस्त्र फेंके हुए मिले, जिससे स्पष्ट होता है कि चोरों ने बेहद इत्मीनान से इस काम को अंजाम दिया।

वारदात को अंजाम देने वाले चोर तकनीकी रूप से भी शातिर थे। अपनी पहचान छिपाने और पुलिस को सुराग न देने के लिए वे मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों को उखाड़ ले गए। इतना ही नहीं, उन्होंने सीसीटीवी का पूरा सेटअप और रिकॉर्डिंग वाली हार्ड डिस्क (डीवीआर) भी गायब कर दी। डिजिटल साक्ष्यों के अभाव में अब पुलिस के सामने चोरों तक पहुंचने की बड़ी चुनौती है।

शातिरों की इस योजनाबद्ध तरीके से की गई चोरी ने पुलिस महकमे को भी हैरान कर दिया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रामीण एसपी संजय कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। पुलिस आसपास के अन्य इलाकों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।

वहीं, स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि थाने के ठीक बगल में स्थित मंदिर भी सुरक्षित नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द मूर्तियों की बरामदगी और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। बता दें कि इसके पहले भी सारण और गोपालगंज सहित कई जिलों के मंदिरों में चोरी की घटनाएं घट चुकी हैं। गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे मंदिर के चोर तो पकडे गए, लेकिन अन्य जगहों के लिए पुलिस खाक छान रही है।

Web Title: bihar police so rahi hai Criminals stealing God too Idols worth lakhs rupees stolen from Ram-Janaki Shiva temple in Saran

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे