शादी झांसा देकर 7 साल से शारीरिक शोषण, 9वीं कक्षा की छात्रा के साथ शिक्षक नवीन ने प्रेमजाल में फंसाया और फिर..., मारने की नीयत से तीसरी मंजिल से दिया धक्का?
By एस पी सिन्हा | Updated: March 19, 2026 20:21 IST2026-03-19T20:21:04+5:302026-03-19T20:21:53+5:30
विवाद बढ़ने पर आरोपी नवीन उसे घर की तीसरी मंजिल पर ले गया और जान से मारने की नीयत से उसे नीचे धक्का दे दिया।

file photo
मुजफ्फरपुरःबिहार में मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में एक कोचिंग संचालक ने छात्र और गुरू के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करते हुए अपनी ही छात्रा को शादी का झांसा देकर पिछले सात वर्षों से शारीरिक शोषण का शिकार बनाया। छात्रा नौवीं कक्षा से ही शिक्षक नवीन कुमार के पास पढ़ रही थी, जिसका फायदा उठाकर शिक्षक ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। मामले में मोड़ तब आया जब आरोपी ने छात्रा को बिना बताए गुपचुप तरीके से कहीं और शादी कर ली। जब पीड़िता को शिक्षक की दूसरी शादी की भनक लगी, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया।
9 मार्च को आरोपी ने बातचीत के बहाने छात्रा को अपने घर बुलाया। वहां विवाद बढ़ने पर आरोपी नवीन उसे घर की तीसरी मंजिल पर ले गया और जान से मारने की नीयत से उसे नीचे धक्का दे दिया। ऊंचाई से गिरने के कारण छात्रा गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
छात्रा कई दिनों तक अस्पताल में बेहोश रही, जिसके कारण घटना की सच्चाई सामने नहीं आ सकी थी। होश में आने के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई और शिक्षक की काली करतूतों का खुलासा किया। इसके बाद पीड़िता के पिता ने अहियापुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी मूल रूप से मोतीपुर का निवासी है और कोल्हुआ में कोचिंग सेंटर चलाता था।
अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और छात्रा के बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। वारदात के बाद से ही आरोपी शिक्षक नवीन कुमार अपने घर से फरार है। पुलिस की विशेष टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल, छात्रा का इलाज जारी है और पुलिस ने जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।