बिहार: मोतिहारी में सामने आया ऑनर किलिंग का मामला, प्रेमी जोड़े का गला काटा, टायर पर शव रखकर जलाने के दौरान पहुंच गई पुलिस
By एस पी सिन्हा | Updated: May 10, 2023 16:59 IST2023-05-10T16:57:38+5:302023-05-10T16:59:32+5:30
बिहार के मोतिहारी में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी है कि लड़की के परिवार ने पहले दोनों की हत्या की और फिर इनके शव को जलाने की कोशिश की गई। इस बीच पुलिस वहां पहुंच गई।

बिहार में प्रेमी जोड़े की परिवार ने की हत्या (प्रतिकात्मक तस्वीर)
पटना: बिहार के मोतिहारी जिले से ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। इसमें मंगलवार रात नाबालिग प्रेमी जोड़े 16 साल के मुस्कान को 15 साल विनीता के सामने पहले बांधा गया। जमकर पिटाई की गई और फिर उसका गला काट दिया। लड़के की हत्या के बाद लड़की का भी गला काटा दिया गया। हत्या के बाद लड़की के परिवार वाले सिकरहना नदी के किनारे शव जला रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने अधजली हालत में शव बरामद किया है।
दोनों की चिता टायर पर सजाकर उसे जलाने की कोशिश की जा रही थी। तभी मंगलवार रात पुलिस ने शवों को जलती चिता से बाहर निकाला। दोनों की हत्या का आरोप लड़की के परिवार पर लगा है। घटना सुगौली थाना क्षेत्र के माली डुमरी गांव की है।
मृतक किशोर मुस्कान कुमार और किशोरी विनिता कुमारी माली डुमरी के हीं रहने वाले थे। दोनों का शव सिकरहना नदी के किनारे जलाया जा रहा था। दोनो शव लगभग 75 प्रतिशत जल चुका है। डीएसपी सदर आईपीएस राज ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऑनर किलिंग का मामला लगता है। राज ने बताया कि प्रेमी युगल की हत्या कर शव जलाने की घटना में लड़की की मां को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रेमी और प्रेमिका एक ही गांव के हैं। दोनों अलग-अलग जाति से आते हैं। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जोकि परिवार को मंजूर नहीं था। मंगलवार की रात दोनों को एक साथ लड़की के परिवार वालों ने पकड़ लिया। इसके बाद दोनों की जमकर पिटाई की और फिर धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी।
आनन-फानन में शव को जलाने के क्रम देर रात सूचना पर पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। घटना के बाद लड़की के घरवाले फरार बताए जा रहे हैं। अभी तक इस मामले में पुलिस को आवेदन नहीं मिला है। डीएसपी ने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।