शर्मनाक! 70 साल की वृद्धा से मनचले ने की छेड़खानी, विरोध करने पर जान से मारने का किया प्रयास
By एस पी सिन्हा | Updated: February 12, 2021 18:38 IST2021-02-12T18:36:15+5:302021-02-12T18:38:52+5:30
बिहार के सुपौल जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। एक मनचले युवक ने 70 साल की वृद्ध महिला के साथ छेड़खानी व दुष्कर्म करने का प्रयास किया है।

(फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
पटना,12 फरवरी। बिहार के सुपौल जिले के बलुआ बाजार थाना क्षेत्र से बुधवार रात मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है। जहां एक मनचले युवक ने 70 साल की वृद्ध महिला के साथ घर में घुसकर छेड़खानी, दुष्कर्म करने और जान से मरने की कोशिश की। घटना को लेकर वृद्धा ने थाना में केस दर्ज कराया है।
पीड़िता ने बलुआ बाजार वार्ड 5 निवासी पन्ना लाल मंडल के पुत्र संतोष कुमार मंडल पर उसे साथ छेड़खानी, दुष्कर्म करने और जान से मरने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार आरोपी संतोष कुमार मंडल बुधवार रात साढे़ 11 बजे उसके घर के गेट के पास बांस से बने टाट को तोड़कर अंदर घुस गया। जब टाट टूटने की आवाज से उसकी नींद खुली तो देखा घर का बल्ब बंद है।
जब उन्होंने बल्ब जलाने के लिए अपने मोबाइल का टॉर्च जलाना चाहा तो युवक ने उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फेंक दिया और कंबल से मुंह को ढंककर छेड़खानी करने लगा। वह उसके साथ दुष्कर्म करना चाह रहा था। लेकिन उसने जब चिल्लाना शुरू किया तो युवक मुंह दबाकर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। वृद्धा की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो युवक भागने लगा।
इस दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया और इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस को दी। वहां पहुंची पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को लोगों ने बताया है कि युवक नशा करता है। इससे पहले भी कई बार इस तरह की घटना को अंजाम दे चुका है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार युवक को आज जेल भेज दिय गया है।