मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की गला घोंटकर मार डाला, इस बात से हो गई नाराज
By भाषा | Updated: March 2, 2022 21:50 IST2022-03-02T21:48:33+5:302022-03-02T21:50:16+5:30
पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन का कहना है कि महिला पर अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है।

मंगलवार रात मोहिनी ने अपनी चार वर्षीय बेटी शिवी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
बागपतः उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बाखरपुर गांव में एक मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। यह जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन का कहना है कि महिला पर अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की वजह महिला के पति ने घरेलू कलह बताई है।
धर थाना बालैनी पुलिस के अनुसार बाखरपुर गांव निवासी रोहित कुमार की शादी करीब पांच वर्ष पहले बुलंदशहर की गाजीपुर निवासी मोहिनी के साथ हुई थी। रोहित नोएडा की निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। जादौन ने बताया कि शादी के बाद से ही महिला पर घर में विवाद करने का आरोप है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार रात मोहिनी ने अपनी चार वर्षीय बेटी शिवी की गला घोंटकर हत्या कर दी। रोहित बुधवार सुबह काम करके जब घर वापस लौटा तो उसे घटना का पता चला। इसके बाद उसने पुलिस को जानकारी दी।
प्रयागराज में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
प्रयागराज जिले के गंगापार उतरांव थानाक्षेत्र के रेहतू गांव में बुधवार को मोटरसाइकल सवार अज्ञात लोगों ने अशोक भारतीय नाम के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस अधीक्षक (गंगा पार) अभिषेक कुमार अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि अशोक भारतीय नाम के व्यक्ति की मोटरसाइकिल सवार लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि इस सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल अवस्था में अशोक भारतीय को एसआरएन अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि एसआरएन अस्पताल में डाक्टरों ने अशोक भारतीय को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि अशोक भारतीय (45) के परिजनों से तहरीर प्राप्त करके आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना की स्पष्ट वजह अभी तक पता नहीं चली है। अग्रवाल ने बताया कि घटना की सभी बिंदुओं से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।