औरंगाबादः प्रेमी और 4 बच्चे की मां ने पति सुनेश्वर भुईयां को खेत में ले जाकर लाठी डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, शव को घर लाए और लगे में फंदा लगाकर छत से टांगा
By एस पी सिन्हा | Updated: June 28, 2025 15:38 IST2025-06-28T15:37:48+5:302025-06-28T15:38:49+5:30
Aurangabad: पुलिस की जांच में यह जानकारी सामने आई कि महिला का उसके प्रेमी के साथ पिछले ढाई साल से अफेयर चल रहा था।

सांकेतिक फोटो
औरंगाबादःबिहार के औरंगाबाद जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आय़ा है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारने के बाद शव को छप्पर से लटका दिया। घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणी उगमा पंचायत के आजाद बिगहा गांव की है। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात आरोपी महिला रीता देवी ने अपने प्रेमी अरविंद भुईयां को अपने घर बुलाया था। झांसा देकर पति सुनेश्वर भुईयां को दोनों अपने साथ खेतों की तरफ लेकर गए और लाठी डंडे से पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद शव को घर ले आए और शव के लगे में फंदा लगाकर उसे छत से टांग दिया और आत्महत्या की रूप देने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मृतक की पत्नी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारी सच्चाई पुलिस के सामने बयां कर दी।
पुलिस की जांच में यह जानकारी सामने आई कि महिला का उसके प्रेमी के साथ पिछले ढाई साल से अफेयर चल रहा था। जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद भी होता रहता था। जिससे परेशान होकर पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने के लिए अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। आरोपी महिला चार बच्चों की मां है। उसकी एक बेटी की शादी हाल ही में संपन्न हुई थी। उल्लेखनीय है कि औरंगाबाद में पिछले कुछ दिनों के भीतर ऐसा यह दूसरा मामला है।
कुछ दिन पहले ही दाउदनगर के रहने वाले शख्स को उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर स्कॉर्पियो से तब तक रौंदा जब तक की उसकी जान नहीं चली गई। अभी इस घटना को लोग भूले भी नहीं थे कि ऐसी ही दूसरी वारदात सामने आ गई है।