भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत मामले में गायक समर सिंह गाजियाबाद से गिरफ्तार, कई दिनों से पुलिस को दे रहा था चकमा
By विनीत कुमार | Updated: April 7, 2023 10:13 IST2023-04-07T09:27:03+5:302023-04-07T10:13:12+5:30
आकांक्षा दुबे की आत्महत्या के मामले में गायक समर सिंह को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। पिछले कई दिनों से समर सिंह की तलाश पुलिस कर रही थी।

आकांक्षा दुबे की मौत मामले में गायक समर सिंह गाजियाबाद से गिरफ्तार (फाइल फोटो)
गाजियाबाद: भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की आत्महत्या के मामले में वाराणसी पुलिस ने गायक समर सिंह को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। समर सिंह पर आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है और पिछले कई दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी। आकांक्षा दुबे 26 मार्च को वाराणसी के सारनाथ इलाके में एक होटल के कमरे के अंदर मृत पाई गई थीं। उनके गले में फंदा लगा पाया गया था।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि आकांक्षा दुबे और समर सिंह रिलेशनशिप में थे। समर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं मामले के दूसरे आरोपी संजय सिंह की तलाश की जा रही है। गाजियाबाद के एसपी ने बताया कि वाराणसी से आई एक टीम ने गुरुवार रात 12 बजे समर सिंह को गिरफ्तार किया। समर सिंह नंदग्राम थाना क्षेत्र की एक सोसायटी में छिपा हुआ था।
सामने आई जानकारी के अनुसार समर सिंह को आज वाराणसी लाया जाएगा। इसके बाद पुलिस पूरे मामले को लेकर उससे पूछताछ करेगी। आकांक्षा दुबे की मां की तहरीर पर पुलिस ने समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया था। समर सिंह को पिछले करीब 11 दिनों से पुलिस खोज रही थी।
आकांक्षा दुबे आत्महत्या मामले की सीबीआई जांच की मांग
आकांक्षा उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के परसीपुर की निवासी थी। पूरे मामले में दो दिन पहले ही पीड़ित पक्ष ने सीबीआई या अपराध शाखा, अपराध जांच विभाग (सीबीसीआईडी) से जांच कराने की मांग रखी थी। अभिनेत्री की मां मधु दुबे के अधिवक्ता शशांक शेखर के अनुसार उन्होंने अपने मुवक्किल की तरफ से मंगलवार को इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सम्बोधित एक पत्र अपर जिलाधिकारी को सौंपा।
शेखर ने बताया कि उन्होंने पत्र में आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने एक साजिश के तहत आकांक्षा की हत्या करा दी है और उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
(भाषा इनपुट)