बिहार के भोजपुर जिले में आजमगढ़ की रहने वाली एक नर्तकी के साथ दी गई सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम, पुलिस से तीन को धर दबोचा
By एस पी सिन्हा | Updated: February 16, 2026 16:25 IST2026-02-16T16:24:51+5:302026-02-16T16:25:37+5:30
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। हालांकि, रविवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बिहार के भोजपुर जिले में आजमगढ़ की रहने वाली एक नर्तकी के साथ दी गई सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम, पुलिस से तीन को धर दबोचा
पटना:बिहार में भोजपुर जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की रहने वाली एक नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। शनिवार की रात हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। हालांकि, रविवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित नर्तकी करनामेपुर थाना क्षेत्र में ही किराए के मकान में रहकर एक स्थानीय नाच पार्टी में काम करती है। शनिवार की शाम वह एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान करनामेपुर क्षेत्र के ही रहने वाले तीन युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर दूसरी जगह ले गए और वहां बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शोर मचाने और विरोध करने की कोशिश की, तो उसके साथ मारपीट भी की गई।
रविवार की सुबह जब पीड़िता और नाच पार्टी के संचालक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस महकमा हरकत में आ गया। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर अलग-अलग गांवों से तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या इस घटना में अन्य लोग भी शामिल थे? करनामेपुर थानाध्यक्ष के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इसके साथ ही कोर्ट में पीड़िता का 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि और धाराओं में विस्तार किया जा सकेगा। मामले की जांच तेजी से की जा रही है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा रही है, जिससे घटना की पुष्टि के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा सकें। साथ ही पुलिस पीड़िता का विस्तृत बयान भी दर्ज कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और मामले को निष्पक्ष व तेजी से निष्पादित किया जाएगा। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।