सौरव गांगुली की हालत स्थिर, एक और एंजियोप्लास्टी के बारे में जल्द होगा फैसला: चिकित्सक

By भाषा | Published: January 3, 2021 04:35 PM2021-01-03T16:35:21+5:302021-01-03T16:35:21+5:30

Sourav Ganguly's condition stable, will soon decide on another angioplasty: doctor | सौरव गांगुली की हालत स्थिर, एक और एंजियोप्लास्टी के बारे में जल्द होगा फैसला: चिकित्सक

सौरव गांगुली की हालत स्थिर, एक और एंजियोप्लास्टी के बारे में जल्द होगा फैसला: चिकित्सक

googleNewsNext

कोलकाता, तीन जनवरी दिल का ‘हल्का’ दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए बीसीसीआई अध्यक्ष एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का उपचार कर रहे चिकित्सकों ने रविवार को कहा कि उनके स्वास्थ्य संबंधी मानक सामान्य हैं तथा उनकी हालत स्थिर है।

शनिवार को गांगुली की एंजियोप्लास्टी हुई थी। उनके हृदय की तीन धमनियों में अवरोध पाया गया था, जिनमें से एक में स्टेंट लगाया गया था।

गांगुली जिस अस्पताल में भर्ती हैं, वहां से जारी बुलेटिन में कहा गया, ‘‘बीती रात उनकी सामान्य रही और उन्हें बुखार नहीं है। वह अभी सो रहे हैं।’’

इसमें बताया कि गांगुली का रक्तचाप 110/70 है तथा उनके शरीर में ऑक्सीजन का स्तर 98 फीसदी है।

चिकित्सकों ने कहा कि गांगुली की स्थिति को देखने के बाद उनकी एक और एंजियोप्लास्टी करने के बारे में फैसला लिया जाएगा।

अस्पताल के प्रवक्ता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मेडिकल बोर्ड बायपास सर्जरी के विकल्प के बारे में विचार नहीं कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘आगे के उपचार के बारे में हमारी विशेषज्ञ समिति कल फैसला लेगी।’’

गांगुली का उपचार कर रहे चिकित्सकों में से एक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सुबह उन्होंने नाश्ता किया, अखबार पढ़े और अस्पताल के कर्मियों से बात की। उनका एक ईसीजी भी किया गया। उनका ऑक्सीजन सपोर्ट हटा दिया गया है।’’

इस बीच, पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी के प्रशंसक हाथों में पोस्टर लिए एकत्रित हुए। उन पोस्टरों पर लिखा था ‘दादा लौट आओ’।

सौरव गांगुली को सीने में दर्द की शिकायत के बाद शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in app