राजकोट में हुई बारिश, 5 छक्कों और 9 चौकों से भीगी निरंजन शाह क्रिकेट स्टेडियम की पिच

भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन शिकंजा कस दिया है। 22 साल के युवा यशस्वी जायसवाल (104 रन रिटायर्ड हर्ट) ने शानदार पारी खेली। 133 गेंद में 104 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल हैं। मोहम्मद सिराज ने 4 विकेट निकाले।

जायसवाल और सिराज ने बॉजबॉल को रियलिटी चेक की और तीसरे दिन भारत को ड्राइवर की सीट पर बिठा दिया है। जायसवाल ने तीसरा टेस्ट शतक पूरा किया। शुभमन गिल के नाबाद 65 रन से इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 196 रन बनाकर मैच में शिकंजा कस दिया। जायसवाल (133 गेंद, नौ चौके, पांच छक्के) ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैदान के चारों ओर शॉट लगाये और सीरीज में दूसरा सैकड़ा जड़कर वह 400 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनकी इस पारी की बदौलत भारत की कुल बढ़त 322 रन की हो गयी है।

दिन का खेल समाप्त होने तक गिल (120 गेंद, छह चौके, दो छक्के) के साथ दूसरे छोर पर रात्रि प्रहरी कुलदीप यादव तीन रन बनाकर खेल रहे हैं। जायसवाल (22 वर्ष) के रिटायर्ड हर्ट होने के बाद रजत पाटीदार क्रीज पर उतरे लेकिन वह खाता भी नहीं खोल सके और रेहान अहमद की गेंद पर आउट हो गये।

जायसवाल शुरू में आक्रामक नहीं थे लेकिन फिर उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन जुटाने का फैसला किया। इसकी शुरूआत उन्होंने जेम्स एंडरसन पर दो चौके और एक छक्का लगाकर 19 रन बनाकर की।

इसके बाद अगले ओवर में टॉम हार्टले पर दो छक्के जड़ दिये। इंग्लैंड ने अपनी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में बदलाव किया लेकिन जायसवाल की आक्रामकता बरकरार रही। इस भारतीय बल्लेबाज ने फिर अहमद पर दो रिवर्स स्वीप शॉट लगाये। इंग्लैंड के मार्क वुड को गेंदबाजी पर लगाने के बाद जायसवाल थोड़े शांत हुए लेकिन तब वह 90 रन के करीब पहुंचे तो एक एक रन लिये।

वुड पर चौका लगाकर उन्होंने अपना तीसरा शतक पूरा किया। लेकिन बायें हाथ के बल्लेबाज को पीठ में खिंचाव के कारण रिटायर होना पड़ा। इंग्लैंड को पहली पारी में 319 रन पर समेटने के बाद खेलने उतरी भारतीय टीम ने दूसरे सत्र में कप्तान रोहित शर्मा (19) का विकेट जल्दी गंवा दिया। पहली पारी के शतकवीर रोहित जो रूट की गेंद पर स्लॉग स्वीप शॉट लगाने की कोशिश में पगबाधा आउट हुए।