IPL Auction 2022: आईपीएल मेगा ऑक्शन, 2016 में 35 लाख में बिके थे ईशान किशन, 2022 में 15.25 करोड़, देखें महंगे खिलाड़ी की लिस्ट

भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में युवराज सिंह के बाद दूसरे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी बन गए, जिन्हें मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद से लंबी होड़ के बाद 15 करोड़ 25 लाख रुपये में फिर खरीदा। ईशान किशन नीलामी कहानी भी अलग है। 2016 में गुजरात लायंस ने 35 लाख में खरीदा था। 2018 में 6.2 करोड़ में मुंबई इंडियंस ने खरीदा और 2022 15.25 करोड़ फिर से एमआई ने खरीदा। 

भारत के इस युवा खिलाड़ी के लिये मुंबई और हैदराबाद के बीच जबर्दस्त होड़ लगी जिसमें मुंबई ने बाजी मारी। ईशान का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था। विश्व कप 2011 में भारत की जीत के नायक रहे युवराज को दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने 2015 सत्र से पहले रिकॉर्ड 16 करोड़ में खरीदा था। इससे एक साल बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने उन्हें 14 करोड़ में खरीदा।

आईपीएल के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला क्रिस मौरिस हैं जिन्हें 2021 में मिनी नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने 16 . 25 करोड़ में खरीदा था। इससे पहले भारत के स्टायलिश बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 12 करोड़ 25 लाख में खरीदा।

भारत के तेज गेंदबाज और पिछले आईपीएल सत्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले हर्षल पटेल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने फिर 10 करोड़ 75 लाख रूपये में खरीद लिया। केकेआर ने आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस को भी सात करोड़ 25 लाख रूपये में फिर खरीदा जबकि पिछली बार वह 15 करोड़ में बिके थे।

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा को पंजाब किंग्स ने नौ करोड़ 25 लाख में खरीदा। वहीं भारत के सीनियर सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को भी पंजाब ने आठ करोड़ 25 लाख में खरीद लिया। अनुभवी आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को राजस्थान रॉयल्स ने पांच करोड़ में और न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को आठ करोड़ में खरीदा।

भारत के युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को राजस्थान रॉयल्स ने पौने आठ करोड़ में खरीदा। भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को गुजरात टाइटंस ने पौने सात करोड़ में और क्विंटोन डिकॉक को लखनऊ जाइंट्स ने इसी दाम पर खरीदा। आस्ट्रेलिया के आक्रामक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को दिल्ली कैपिटल्स ने छह करोड़ 25 लाख में खरीदा।

दक्षिण अफ्रीका के फाफ डु प्लेसी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने सात करोड़ में खरीदा। टी20 विशेषज्ञ वेस्टइंडीज के हरफनमौला जैसन होल्डर को लखनऊ सुपरजाइंट्स ने पौने नौ करोड़ में और शिमरोन हेटमायेर को राजस्थान रॉयल्स ने साढे़ आठ करोड़ में खरीदा। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन को सनराइजर्स हैदराबाद ने 10.75 करोड़ में खरीदा।

श्रीलंका के हरफनमौला वानिंदु हसरंगा को आरसीबी ने 10.75 करोड़ में खरीदा। विकेटकीपर दिनेश कार्तिक को आरसीबी ने साढे़ पांच करोड़ में खरीदा जबकि जॉनी बेयरस्टॉ को पंजाब किंग्स ने पौने सात करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया। अंबाती रायुडू को चेन्नई सुपर किंग्स ने इसी रकम पर पुन: खरीदा।

कोच रिकी पोंटिंग की दिल्ली कैपिटल्स ने आस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप फाइनल में जीत के नायक रहे मिशेल मार्श को साढे़ छह करोड़ में खरीदा। वहीं भारत के हरफनमौला वाशिंगटन सुंदर को सनराइजर्स ने 8.75 करोड़ में खरीदा। लखनऊ सुपरजाइंट्स ने कृणाल पंड्या को 8.25 करोड़ में खरीदा।

खराब फॉर्म से जूझ रहे मनीष पांडे को चार करोड़ 60 लाख में खरीदा। चेन्नई सुपर किंग्स ने एम एस धोनी के विश्वस्त ड्वेन ब्रावो को चार करोड़ 40 लाख और रॉबिन उथप्पा को दो करोड़ में खरीदा। लखनऊ टीम ने दीपक हुड्डा को पौने छह करोड़ में खरीदा।

आस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ, दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर, इंग्लैंड के सैम बिलिंग्स, भारत के रिधिमान साहा, अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी, बांग्लादेश के शाकिब अल हसन और भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना को कोई खरीदार नहीं मिला।