DC vs MI: प्लेऑफ की रेस में अहम भिड़ंत, WPL में मुंबई बनाम दिल्ली मुकाबला कल...

DC vs MI: मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स मंगलवार को यहां जब महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में आमने-सामने होंगे तो उनका लक्ष्य अपना अभियान वापस पटरी पर लाना होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस की टीम ने अब तक पांच मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल की हैं।

By संदीप दाहिमा | Updated: January 19, 2026 16:48 IST

Open in App
ठळक मुद्देDC vs MI: दोनों टीमों की साख दांव पर, WPL में मुंबई बनाम दिल्ली मुकाबला कल...DC vs MI: प्लेऑफ की रेस में अहम भिड़ंत, WPL में मुंबई बनाम दिल्ली मुकाबला कल...

DC vs MI: मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स मंगलवार को यहां जब महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में आमने-सामने होंगे तो उनका लक्ष्य अपना अभियान वापस पटरी पर लाना होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस की टीम ने अब तक पांच मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल की हैं। उसके खिलाड़ी अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने में नाकाम रहे हैं। मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से हार के साथ शुरुआत की, लेकिन फिर दूसरे मैच में 195 रन का बचाव करते हुए सबसे निचले पायदान पर काबिज दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से करारी शिकस्त दी। गुजरात जायंट्स पर सात विकेट से मिली जीत ने मुंबई इंडियंस के अभियान को कुछ गति प्रदान की, लेकिन यूपी वॉरियर्स के खिलाफ लगातार दो हार से उसकी टीम बैकफुट पर चली गई। मुंबई हालांकि अभी पांच टीम की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी चिंता पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाना है।

हेली मैथ्यूज के चोटिल होने और शीर्ष क्रम में अमेलिया केर और जी कमलिनी के साथ किए गए असफल प्रयोगों के कारण मुंबई इंडियंस का टूर्नामेंट में पावरप्ले में रन रेट सबसे कम (6.50) रहा है। शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की नहीं चल पाने के कारण कप्तान हरमनप्रीत और नैट साइवर-ब्रंट पर बोझ बढ़ गया। जब भी इन दोनों बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा तब मुंबई इंडियंस को संघर्ष करना पड़ा। मुंबई इंडियंस में इस बीच अपनी अंतिम एकादश में लगातार बदलाव किए जिससे टीम के अंदर अस्थिरता की भावना बढ़ गई। उसकी फील्डिंग भी निराशाजनक रही है। पांच मैचों में 10 कैच छोड़ने से उसे महत्वपूर्ण मौकों पर नुकसान हुआ है। दूसरी ओर पिछले सत्र की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स चार मैचों में तीन हार के साथ तालिका में सबसे नीचे है। उसने अपने अभियान की शुरुआत लगातार दो हार के साथ की। उसे एकमात्र जीत यूपी वॉरियर्स के खिलाफ मिली, लेकिन पिछले मैच में 166 रन पर आउट होने के बाद आरसीबी से आठ विकेट से मिली हार ने उसकी प्रगति पर फिर से विराम लगा दिया।

कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के मध्य क्रम में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण दिल्ली को नुकसान हुआ है। लौरा वोल्वार्ट भी पिछले मैच में शून्य पर आउट होने के बाद फॉर्म में वापसी करने के लिए उत्सुक होंगी। टूर्नामेंट का लीग चरण अब महत्वपूर्ण मुकाम पर पहुंच गया है और इसमें किसी भी तरह की गलती टीम को भारी पड़ सकती है। इसलिए मुंबई और दिल्ली दोनों की टीम एक दूसरे को कड़ी चुनौती पेश करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। टीम इस प्रकार हैं: दिल्ली कैपिटल्स: जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), शैफाली वर्मा, मार्जियन कप्प, निकी प्रसाद, लौरा वोल्वार्ट, चिनेले हेनरी, श्री चरणी, स्नेह राणा, लिजेल ली, दीया यादव, तानिया भाटिया, ममता मादीवाला, नंदनी शर्मा, लुसी हैमिल्टन, मिन्नू मणि और अलाना किंग। मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), नैट साइवर-ब्रंट, हेली मैथ्यूज, अमनजोत कौर, जी कमलिनी, अमेलिया केर, शबनीम इस्माइल, संस्कृति गुप्ता, सजना सजीवन, राहिला फिरदौस, निकोला कैरी, पूनम खेमनार, त्रिवेणी वशिष्ठ, नल्ला रेड्डी, सैका इशाक और मिल्ली इलिंगवर्थ। मैच शुरू होने का समय: शाम 7.30 बजे। 

टॅग्स :विमेंस प्रीमियर लीगदिल्ली कैपिटल्समुंबई इंडियंसक्रिकेट

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या