महिला प्रीमियर लीगः गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और यूपी वारियर्स का सपना टूटा, फाइनल रेस में RCB, GGTV और दिल्ली कैपिटल्स, 3 फरवरी को एलिमिनेटर मुकाबला

Women's Premier League: कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने 18 गेंद में पांच चौकों से नाबाद 34 रन की पारी खेलकर दिल्ली की जीत सुनिश्चित की।

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: February 2, 2026 06:29 IST2026-02-02T06:28:05+5:302026-02-02T06:29:13+5:30

Women's Premier League Defending champions Mumbai Indians UP Warriors' dreams shattered RCB, GGTV Delhi Capitals in final race eliminator match on February 3 | महिला प्रीमियर लीगः गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और यूपी वारियर्स का सपना टूटा, फाइनल रेस में RCB, GGTV और दिल्ली कैपिटल्स, 3 फरवरी को एलिमिनेटर मुकाबला

file photo

googleNewsNext
Highlightsमुंबई इंडियन्स (छह अंक) को पछाड़कर तीसरे स्थान पर रहते हुए एलिमिनेटर में जगह बनाई।विकेट गंवाए और कभी बड़े स्कोर की ओर पहुंचने की स्थिति में नहीं दिखी।वोल्वार्ट और शेफाली ने इसके बाद पारी को संभाला।

वडोदराः मारिजेन कैप की अगुआई में गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन के बाद लॉरा वोल्वार्ट की उम्दा पारी से दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग में रविवार को यहां यूपी वारियर्स को पांच विकेट से हराकर एलिमिनेटर में जगह बनाई। दिल्ली की टीम अब एलिमिनेटर में मंगलवार को गुजरात जाइंट्स से भिड़ेगी। वारियर्स के 123 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने दो जीवनदान का फायदा उठाने वाली वोल्वार्ट की 36 गेंद में सात चौकों से 47 रन की पारी और सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (29 रन, 33 गेंद, दो चौके) के साथ उनकी दूसरे विकेट की 73 रन की साझेदारी से 18.4 ओवर में पांच विकेट पर 126 रन बनाकर जीत दर्ज की। कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने 18 गेंद में पांच चौकों से नाबाद 34 रन की पारी खेलकर दिल्ली की जीत सुनिश्चित की।

दिल्ली कैपिटल्स ने इस जीत से आठ अंक के साथ मुंबई इंडियन्स (छह अंक) को पछाड़कर तीसरे स्थान पर रहते हुए एलिमिनेटर में जगह बनाई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (12) और गुजरात जाइंट्स (10) शुरुआती दो स्थान पर रहे। कैप (30 रन पर तीन विकेट), श्री चरणी (22 रन पर दो विकेट) और चिनेल हेनरी (25 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने यूपी वारियर्स की टीम आठ विकेट पर 122 रन ही बना सकी। वारियर्स की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और कभी बड़े स्कोर की ओर पहुंचने की स्थिति में नहीं दिखी।

वारियर्स की ओर से सलामी बल्लेबाज दीप्ति शर्मा (24), शिखा पांडे (नाबाद 23) और सिमरन शेख (22) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाईं। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने भी दूसरे ही ओवर में लिजेल ली (10) का विकेट गंवा दिया जो डिएंड्रा डॉटिन (30 रन पर एक विकेट) का शिकार बनीं। वोल्वार्ट और शेफाली ने इसके बाद पारी को संभाला।

दोनों ने पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 38 रन तक पहुंचाया। वोल्वार्ट छह रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहीं जब डॉटिन की गेंद पर मिडफविकेट पर सोफी एकलेस्टोन उनका कैच लपकने में नाकाम रहीं। अगले ओवर में शिखा की गेंद पर प्वाइंट पर डॉटिन ने भी वोल्वार्ट को जीवनदान दिया। वोल्वार्ट ने नौवें ओवर में क्रांति गौड़ पर चार चौकों के साथ टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

शेफाली को भी 25 रन के निजी स्कोर पर दीप्ति (27 रन पर दो विकेट) की गेंद पर चार्ली नॉट ने जीवनदान दिया लेकिन एक गेंद बाद वोल्वार्ट ने एकलेस्टोन को कैच थमा दिया। कप्तान जेमिमा ने आते ही डॉटिन पर चौका मारा लेकिन शिखा ने शेफाली को लेनिंग के हाथों कैच कराके दिल्ली को तीसरा झटका दिया। दिल्ली को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 26 रन की जरूरत थी।

एकलेस्टोन ने मारिजेन कैप (00) को आउट किया जबकि दीप्ति ने चिनेल हेनरी (01) का अपनी ही गेंद पर कैच लपका। जेमिमा ने दीप्ति पर चौके के साथ रन और गेंद के बीच के अंतर को बना रखा। दिल्ली को अंतिम तीन ओवर में 15 रन की दरकार थी। जेमिमा ने आशा शोभना पर चौका जड़ने के बाद दीप्ति पर लगातार दो चौकों के साथ दिल्ली को लक्ष्य तक पहुंचाया।

इससे पहले जेमिमा ने टॉस जीतकर वारियर्स को बल्लेबाजी का न्यौता दिया जिसे उनकी गेंदबाजों ने सही साबित करते हुए पावर प्ले में विरोधी टीम का स्कोर तीन विकेट पर 36 रन कर दिया। हेनरी ने मैच की पहली ही गेंद पर कप्तान मेग लेनिंग (00) को पगबाधा किया। दीप्ति ने हेनरी और कैप पर दो-दो चौके मारे। चार्ली नॉट (12) ने भी कैप पर चौका मारा लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर विकेटकीपर लिजेल ली को कैच दे बैठी। दीप्ति ने कैप पर पारी का पहला छक्का मारा लेकिन ओवर की अंतिम गेंद को निक्की प्रसाद के हाथों में खेल गईं।

हरलीन देओल भी 11 गेंद में सिर्फ तीन रन बनाने के बाद श्री चरणी की गेंद पर पगबाधा हो गईं जबकि डिएंड्रा डॉटिन (05) कैप का तीसरा शिकार बनीं जिससे वारियर्स का स्कोर पांच विकेट पर 52 रन हो गया। सिमरन ने मीनू मनि पर लगातार दो चौके मारे लेकिन शिप्रा गिरी (09) ने उनकी गेंद पर शेफाली वर्मा को कैच थमा दिया।

हेनरी ने सिमरन को मीनू के हाथों कैच कराके 13वें ओवर में वारियर्स का स्कोर सात विकेट पर 76 रन किया। आशा शोभना (13) ने स्नेह राणा पर छक्के के साथ 23 गेंद के बाउंड्री के सूखे को खत्म किया लेकिन अगले ओवर में श्री चरणी ने उन्हें मीनू के हाथों कैच करा दिया। शिखा ने नंदिनी शर्मा पर चौके के साथ 18वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया और फिर हेनरी और नंदिनी की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए। 

Open in app