अहमदाबाद: आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ मैच में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराकर दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान एडेन मारक्रम (नाबाद 82 रन) के अर्धशतक की मदद से बृहस्पतिवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ मैच में वेस्टइंडीज को नौ विकेट से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका ने 177 रन का लक्ष्य 16.1 ओवर में एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका की एक और शानदार जीत। 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एडन मार्कराम ने तेज शुरुआत की।
क्विंटन डी कॉक को दूसरे छोर पर अपनी पारी को सहजता से निभाने का मौका मिला। पावरप्ले में चौकों की बारिश हुई और इस जोड़ी ने पहले छह ओवरों के भीतर 69 रन की साझेदारी कर ली। सलामी जोड़ी 95 रनों तक पहुंची। मार्कराम ने रिकेल्टन के साथ मिलकर बल्लेबाजी जारी रखी और दोनों ने एक और 50 से अधिक रनों की साझेदारी की।
दोनों ने एक-दूसरे का बखूबी साथ दिया। दक्षिण अफ्रीका ने लगभग चार ओवर शेष रहते जीत हासिल कर ली। वेस्टइंडीज ने शुरुआती झटकों के बाद निचले क्रम के बल्लेबाज रोमारियो शेफर्ड (नाबाद 52 रन) के अर्धशतक और जेसन होल्डर (49 रन) के साथ आठवें विकेट के लिए 89 रन की रिकॉर्ड साझेदारी से वापसी करते हुए आठ विकेट पर 176 रन का स्कोर खड़ा किया।
पिछले मैच में टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज ने सात ओवर के अंदर 60 रन में पांच विकेट गंवा दिए थे। इसमें दक्षिण अफ्रीका के कागिसो रबाडा (22 रन देकर दो विकेट) और लुंगी एनगिडी (30 रन देकर तीन विकेट) ने वेस्टइंडीज के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया।