चेन्नई: कप्तान श्रेयस अय्यर के शानदार और संतुलित अर्धशतक की मदद से पंजाब किंग्स ने आईपीएल के मैच में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराया। श्रेयस ने 29 गेंद में 50 रन बनाये और निहाल वढेरा के साथ चौथे विकेट के लिये 59 रन की अहम साझेदारी की । पंजाब ने 210 रन का लक्ष्य आठ गेंद बाकी रहते पांच विकेट खोकर हासिल करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की जबकि चेन्नई की यह लगातार दूसरी हार थी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में मैदान के बाहर का एक खुशनुमा पल क्रिकेट प्रशंसकों का उतना ही ध्यान खींच रहा है जितना कि मैदान पर चल रहे रोमांचक मुकाबले।
अय्यर की बहन के खुशी से नाचते हुए एक वीडियो ऑनलाइन वायरल हो गया है। पंजाब किंग्स की जीत के बाद हुए जश्न ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए वीडियो में अय्यर की छोटी बहन श्रेष्ठा अय्यर, दलेर मेहंदी के क्लासिक गीत "तुनक तुनक तुन" की जोशीली पंजाबी-पॉप धुन पर पूरे जोश के साथ नाचती हुई दिखाई दीं।
यह गीत उत्सवों का एक अभिन्न अंग बन चुका है। उनका सहज नृत्य, जो खुशी और लय से भरपूर था, पंजाब किंग्स की जीत के बाद प्रशंसकों और परिवार के सदस्यों के उत्साह को बखूबी दर्शाता था। वीडियो में उन्हें परिवार और समर्थकों के साथ संगीत पर थिरकते हुए दिखाया गया, जिससे एक निजी जश्न वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर क्रिकेट प्रेमियों के बीच खूब चर्चा का विषय बन गया।