मुंबईः कमाल करते हो डीएसपी साहब? कानून के हाथ सचमुच लंबे है। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टी20 विश्व कप टीम में 48 गेंद पहले शामिल किया गया था। तेज गेंदबाज हर्षित राणा के चोटिल होने के बाद टीम में मौका मिला और कमाल की गेंदबाजी की। अहम बात यह है कि टीम के सुपरस्टार और गेंदबाजी विभाग के अगुवा जसप्रीत बुमराह को फीवर होने के कारण सिराज को मौका दिया गया और शानदार कमबैक किया। 4 ओवर यानी 24 गेंद में 29 रन देकर 3 विकेट लिए और अमेरिका के खिलाफ जीत की इबारत लिख डाली। भारत को अपने अभियान की विजयी शुरुआत दिलाई।
तेज गेंदबाज ने खुलासा किया कि हर्षित राणा के चोटिल होने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार ने मैच से दो दिन पहले उन्हें फोन किया था। मैच के बाद सिराज ने बताया, "दो दिन बाद सूर्या भाई ने कहा, 'मियां बैग पैक कर आ और आजा।' मैंने उनसे कहा, 'भाई मजाक मत करो क्योंकि ये तो होने वाला नहीं है।' लेकिन उन्होंने कहा, 'मैं सच कह रहा हूं, तैयार हो जाओ।'"
राणा के चोटिल होने के बाद सिराज को आखिरी समय में भारतीय टीम में शामिल किया गया। राणा को चोट लगी थी जिसके चलते वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए और भारत को किसी और खिलाड़ी की जरूरत थी। यादव के फोन पर सिराज मुंबई के लिए रवाना हुए और चयनकर्ता प्रज्ञान ओझा ने भी बाद में इस फैसले की पुष्टि की। तेज गेंदबाज शनिवार को भारत बनाम अमेरिका मैच से ठीक 24 घंटे पहले मुंबई पहुंचे।