रात नौ बजे तक के मुख्य समाचार

By भाषा | Updated: August 6, 2021 21:26 IST2021-08-06T21:26:35+5:302021-08-06T21:26:35+5:30

Top news till 9 pm | रात नौ बजे तक के मुख्य समाचार

रात नौ बजे तक के मुख्य समाचार

नयी दिल्ली, छह अगस्त शुक्रवार रात नौ बजे तक ‘भाषा’ की अलग-अलग फाइलों से जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:-

दि77 रक्षा चीन-भारत लीड सैनिक वापसी

भारत, चीन की सेनाओं ने पूर्वी लद्दाख में गोगरा बिंदु पर सैनिकों को पीछे हटाने की प्रक्रिया पूरी की

नयी दिल्ली, पूर्वी लद्दाख में गोगरा टकराव बिंदु पर करीब 15 महीनों तक आमने-सामने रहने के बाद भारत और चीन की सेनाओं ने अपने-अपने सैनिकों को पीछे हटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है तथा जमीनी स्थिति को गतिरोध-पूर्व अवधि के समान बहाल कर दिया है।

दि62 किसान तीसरीलीड विपक्ष

राहुल समेत कई विपक्षी नेताओं ने ‘किसान संसद’ पहुंचकर समर्थन जताया, तोमर ने ‘मीडिया इवेंट’ बताया

नयी दिल्ली, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य विपक्षी नेताओं ने शुक्रवार को दोपहर में यहां जंतर-मंतर पहुंच कर तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के साथ एकजुटता प्रकट की तथा इन कानूनों को निरस्त करने की मांग की।

खेल23 खेल मोदी खेलरत्न

खेलरत्न पुरस्कार का नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न

नयी दिल्ली, भारत के सर्वोच्च खेल सम्मान खेल रत्न पुरस्कार का नाम अब राजीव गांधी खेल रत्न नहीं बल्कि मेजर ध्यानचंद खेल रत्न होगा । भारतीय हॉकी टीमों के तोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के बाद इस सम्मान का नाम महान हॉकी खिलाड़ी के नाम पर रखने का फैसला लिया गया ।

खेल56 खेल ओलंपिक संपूर्ण लीड भारत

कुश्ती में स्वर्ण की उम्मीद टूटी तो महिला हॉकी टीम हारी, गोल्फर अदिति पर सभी की निगाहें

तोक्यो, स्वर्ण पदक के दावेदार के रूप में उतरे पहलवान बजरंग पूनिया के शुक्रवार को यहां तोक्यो ओलंपिक खेलों के सेमीफाइनल में हारने से भारतीय खेमा निश्चित रूप से निराश होगा लेकिन कांस्य पदक से चूकी भारतीय महिला हॉकी टीम ने हारकर भी इतिहास रच दिया जबकि महिला गोल्फर अदिति अशोक ने लगातार तीसरे दिन दूसरे स्थान पर रहकर इस स्पर्धा में देश को पहला पदक दिलाने की उम्मीद बंधा रखी है।

अर्थ54 आरबीआई लीड मुद्रास्फीति

रिजर्व बैंक ने 2021-22 के लिए खुदरा मुद्रास्फीति का अनुमान बढ़ाकर 5.7 प्रतिशत किया

मुंबई, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को आपूर्ति पक्ष की बाधाओं, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और कच्चा माल महंगा होने के चलते चालू वित्त वर्ष के लिए खुदरा मुद्रास्फीति के अनुमान को बढ़ाकर 5.7 प्रतिशत कर दिया।

दि71 टीका पूनावाला

वयस्कों के लिए कोवोवैक्स इस वर्ष अक्टूबर में और बच्चों के लिए अगले वर्ष जारी करने की उम्मीद : सीरम के सीईओ

नयी दिल्ली, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत में उनकी कंपनी द्वारा बनाया जाने वाला कोविड-19 का एक अन्य टीका कोवोवैक्स वयस्कों के लिए अक्टूबर में जारी हो जाएगा और बच्चों के लिए यह 2022 में जारी होगा।

वि41 ईरान जयशंकर दूसरीलीड रईसी

ईरान ने अफगानिस्तान में सुरक्षा सुनिश्चित करने में भारत की भूमिका का स्वागत किया

तेहरान, ईरान के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने शुक्रवार को यहां विदेश मंत्री एस जयशंकर से कहा कि उनका देश और भारत क्षेत्र, विशेष रूप से अफगानिस्तान में सुरक्षा सुनिश्चित करने में ‘‘रचनात्मक और उपयोगी’’ भूमिका निभा सकते हैं और तेहरान युद्धग्रस्त देश में नयी दिल्ली की भूमिका का स्वागत करता है।

प्रादे125 मिजोरम लीड मुख्य सचिव

यात्रा परामर्श वापस लिये जाने के बावजूद असम से कोई वाहन मिजोरम में प्रवेश नहीं कर रहा: शीर्ष अधिकारी

आइजोल, मिजोरम के मुख्य सचिव लालनुनमाविया चुआंगो ने शुक्रवार को कहा कि हिमंत बिस्व सरमा सरकार द्वारा जारी एक यात्रा परामर्श वापस लेने के बावजूद असम से कोई भी वाहन राज्य में नहीं आया है।

संसद32 लीड स्थगित रास

रास में विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी, बैठक दिन भर के स्थगित

नयी दिल्ली, पेगासस जासूसी विवाद और तीन कृषि कानूनों सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यसभा में विपक्षी दलों के सदस्यों का हंगामा शुक्रवार को भी जारी रहा और सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर बारह बज कर करीब दस मिनट पर पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गयी।

संसद17 लीड स्थगित लोस

लोकसभा में विपक्षी सदस्यों का हंगामा, कार्यवाही दिन भर के लिये स्थगित

नयी दिल्ली, पेगासस जासूसी मामला, तीन केंद्रीय कृषि कानूनों और कुछ अन्य मुद्दों को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर करीब 12 बजकर 25 मिनट पर दिन भर के लिये स्थगित कर दी।

अर्थ27 न्यायालय लीड अमेजन

एफआरएल-रिलायंस सौदा: न्यायालय का अमेजन के पक्ष में फैसला, आपात निर्णायक के फैसले को सही बताया

नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अमेजन के पक्ष में शुक्रवार को फैसला देते हुए कहा कि फ्यूचर रिटेल लिमिटेड (एफआरएल) के रिलायंस रिटेल के साथ 24,731 करोड़ रुपये के विलय सौदे पर रोक लगाने का सिंगापुर के आपात निर्णायक का फैसला भारतीय कानूनों के तहत वैध एवं लागू करने योग्य है।

वि35 पाक न्यायालय मंदिर

पाकिस्तानी उच्चतम न्यायालय ने हिंदू मंदिर पर हमले को लेकर पुलिस को लगायी फटकार

इस्लामाबाद, पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय ने पंजाब प्रांत के एक दूरस्थ शहर में एक हिंदू मंदिर पर हमले को रोकने में नाकाम रहने के लिए शुक्रवार को प्राधिकारियों की खिंचाई की और दोषियों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया।

खेल57 खेल भारत पारी

भारत 278 रन पर आउट, पहली पारी में 95 रन की बढ़त

नॉटिंघम, भारत ने इंग्लैंड के 183 रन के जवाब में पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन शुक्रवार को यहां अपनी पहली पारी में 278 रन बनाये।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in app