Highlightsछठे नंबर पर बल्लेबाजी कराना चाहते थे।पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान को टीम में शामिल करना चाहते थे।मुख्य कोच माइक हेसन का निर्णय लेने में अधिक प्रभाव था।
लाहौर: चयन समिति के सदस्य अलीम दर ने टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को इस्तीफा सौंप दिया है। पीसीबी के जानकार सूत्रों ने बताया कि आईसीसी की एलीट पेनल के पूर्व अंपायर दर ने इस्तीफा दे दिया है जिसे अभी स्वीकार नहीं किया गया है।’ 2026 टी20 विश्व कप के सुपर 8 चरण से बाहर होने के बाद पाक टीम में रार जारी है। दर ने पाकिस्तान की पुरुष टीम की चयन समिति से इस्तीफा दे दिया। दर को 11 अक्टूबर, 2024 को आकिब जावेद और अजहर अली के साथ-साथ विश्लेषक हसन चीमा के साथ इस पद पर नियुक्त किया गया था।
जियो न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार दर का मानना था कि मुख्य कोच माइक हेसन का निर्णय लेने में अधिक प्रभाव था और समिति के भीतर होने वाली चर्चाओं में संतुलित बहस का अभाव था। खबरों के मुताबिक, दर बाबर आजम, शादाब खान और उस्मान खान को 2026 टी20 विश्व कप टीम में शामिल करने के पक्ष में नहीं थे। पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान को टीम में शामिल करना चाहते थे।
उन्हें छठे नंबर पर बल्लेबाजी कराना चाहते थे। पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में अपने चार मैचों में से तीन जीतकर सुपर 8 में जगह बनाई। सलमान अली आगा की अगुवाई वाली टीम ग्रुप स्टेज में भारत से हार गई, जबकि नीदरलैंड्स के खिलाफ उनकी जीत कोई खास प्रभावशाली नहीं थी।
पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 147 रनों पर ऑल आउट कर दिया, लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए बल्लेबाजी में संघर्ष किया। आखिरी दो ओवरों में पाकिस्तान को 29 रनों की जरूरत थी, जब फहीम अशरफ ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को जीत दिलाई।
पाकिस्तान शाहीन्स और इंग्लैंड लॉयन्स के बीच सीरीज रद्द
पाकिस्तान शाहीन्स और इंग्लैंड लॉयन्स के बीच अबु धाबी में चल रही सीमित ओवरों की मौजूदा श्रृंखला को अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमले के बाद खाड़ी देशों में बढ़े तनाव और सैन्य कार्रवाई के कारण रद्द कर दिया गया है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीमित ओवरों का दौरा पूरा कर चुकी पाकिस्तान की महिला टीम भी सोमवार से जोहानिसबर्ग में फंसी हुई है क्योंकि पश्चिम एशिया में विमान सेवा बाधित होने की वजह से उन्हें स्वदेश वापसी के लिए कोई उड़ान नहीं मिल पा रही है।