T20 World Cup 2024 legends: आज से आईसीसी नौवें टी20 विश्व कप (ICC Mens T20 World Cup 2024) की शुरुआत हो रही है। पहला मैच मेजबान अमेरिका (United States) और कनाडा (Canada) के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम 5 जून से आयरलैंड के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगी। भारत ने सबसे पहले 2007 में इस ट्रॉफी पर कब्जा किया था। टीम इंडिया अंतिम बार 2013 में आईसीसी चैंपियन बनी थी। जब एमएस धोनी के नेतृत्व में भारत ने चैंपियंस कप पर कब्जा किया था। 11 साल से भारत आईसीसी ट्रॉफी से बाहर और दूर है। इस बार भारतीय टीम इस दूरी को दूर करेगी।
नौवें टी20 विश्व कप से पहले टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों, सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों और सबसे ज्यादा बल्लेबाजों को पवेलियन भेजने वाले विकेटकीपरों की सूचीः
सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज:
1. क्रिस गेल (63): ‘यूनिवर्स बॉस’ अपनी जबर्दस्त ताकत के दम पर बड़े बड़े छक्के जड़ने के लिये मशहूर हैं। अब तक टी20 विश्व कप में 63 छक्के जड़ चुके गेल ने इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में एक पारी में सर्वाधिक 11 छक्कों का रिकॉर्ड बनाया था।
2. रोहित शर्मा (35): टी20 क्रिकेट में दमदार छक्के जड़ने वाले ‘हिटमैन ’ ने अब तक आठों टी20 विश्व कप खेले हैं। उन्होंने 36 पारियों में 35 छक्के लगाये हैं।
3. जोस बटलर (33): बटलर इंग्लैंड के टी20 विश्व कप अभियान की धुरी रहे हैं। उन्होंने 27 मैचों में 33 बार गेंद को सीमा के पार पहुंचाया है।
4. युवराज सिंह (33): टी20 विश्व कप में छक्कों का जिक्र युवराज सिंह के बिना अधूरा रहेगा। उन्होंने पहले टी20 विश्व कप में डरबन में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड को एक ओवर में छह छक्के लगाये थे।
5. शेन वाटसन (31): आस्ट्रेलियाई हरफनमौला वाटसन टी20 विश्व कप में 31 छक्के लगा चुके हैं ।
सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज:
1. शाकिब अल हसन (47 विकेट): टी20 विश्व कप के आठों सत्रों में खेल चुके बांग्लादेश के इस हरफनमौला ने 35 पारियों में 47 विकेट लिये हैं।
2. शाहिद अफरीदी (39 विकेट): पाकिस्तान के लेग स्पिन हरफनमौला ने टी20 विश्व कप में 34 मैचों में 39 विकेट चटकाये हैं।
3. लसिथ मलिंगा (38 विकेट): श्रीलंका के मलिंगा अपने स्लिंग एक्शन और खतरनाक यॉर्कर के लिये मशहूर रहे हैं। उन्होंने 31 मैचों में 38 विकेट लिये हैं।
4. सईद अजमल (36 विकेट): पाकिस्तान के अजमल की रहस्यमयी स्पिन ने टी20 विश्व कप में शीर्ष बल्लेबाजों को परेशान किया। उन्होंने 23 मैचों में 36 विकेट लिये हैं।
5. अजंता मेंडिस (35 विकेट): श्रीलंका के मेंडिस ने 21 मैचों में 35 विकेट लिये हैं।
सबसे ज्यादा कामयाब विकेटकीपर:
1. महेंद्र सिंह धोनी (32 शिकार)
2. कामरान अकमल (30)
3. दिनेश रामदीन (27)
4. कुमार संगकारा (26)
5. क्विंटोन डिकॉक (22)।