T20 WC Highlights: पहले मैच में दोनों मेजबान हारे, इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 और दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रन से रौंदा

T20 WC Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण के एकतरफा मैच में रविवार को यहां भारत को 76 रन से रौंदकर इस प्रतियोगिता में उसके विजयी क्रम पर रोक लगा दी।

By सतीश कुमार सिंह | Updated: February 22, 2026 22:59 IST2026-02-22T22:50:37+5:302026-02-22T22:59:19+5:30

T20 WC Highlights Both hosts lost their first match, England thrashed Sri Lanka by 51 runs and South Africa thrashed India by 76 runs | T20 WC Highlights: पहले मैच में दोनों मेजबान हारे, इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 और दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रन से रौंदा

T20 WC Highlights

googleNewsNext
HighlightsT20 WC Highlights: टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत की यह पहली हार है।T20 WC Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत को 76 रन से रौंदा।T20 WC Highlights: भारत और श्रीलंका को सुपर-8 के पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा।

अहमदाबाद: आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में इंग्लैंड ने श्रीलंका पर लगातार 12वीं जीत दर्ज की। दोनों मेजबान यानी भारत और श्रीलंका को सुपर-8 के पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा। आईसीसी प्रतियोगिताओं में सभी प्रारूपों में खेले गए 18 मैचों में भारत की यह पहली हार है, इससे पहले भारत को 2023 विश्व कप के फाइनल में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था। टी20 विश्व कप 2022 में एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हारने के बाद से बहुराष्ट्रीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत की यह पहली हार है। दक्षिण अफ्रीका को एकमात्र हार 2024 के फाइनल में ब्रिजटाउन में भारत के खिलाफ मिली थी, जबकि भारत को 2022 में एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल हारने के बाद यह पहली हार मिली है।

भारत को बहुराष्ट्रीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में पहली हार का सामना करना पड़ा है, इससे पहले 2022 के टी20 विश्व कप में एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हार मिली थी-

मैच: 23

जीत: 21 (सुपर ओवर में एक जीत)

हार: 1

परिणामहीन: 1

2024 से टी20 विश्व कप में भारत और दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन:

दक्षिण अफ्रीका: 14 मैच | 13 जीत | एक हार

भारत: 13 मैच | 12 जीत | एक हार

पहले मैच में इंग्लैंड ने मेजबान श्रीलंका को 51 रन से मात दी और दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत को 76 रन से रौंदा। डेविड मिलर के तूफानी अर्धशतक के बाद मार्को यानसेन की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने एकतरफा मैच में रविवार को यहां भारत को 76 रन से रौंदकर इस प्रतियोगिता में उसके विजयी क्रम पर रोक लगा दी।

भारत ने 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए पिछले टी20 विश्व कप में एक भी मैच नहीं गंवाते हुए खिताब जीता था जबकि मौजूदा टूर्नामेंट में उसकी यह पहली हार है। यह रनों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार भी है। दक्षिण अफ्रीका के 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत यानसेन (22 रन पर चार विकेट), केशव महाराज (24 रन पर तीन विकेट) और कोर्बिन बॉश (12 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गया। मेजबान टीम की ओर से सिर्फ शिवम दुबे (42 रन, 37 गेंद, तीन छक्के, एक चौके) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए।

मिलर ने 35 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 63 रन की पारी खेलने के अलावा डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन, 29 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 गेंद में 97 रन की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 20 रन पर तीन विकेट गंवाने के बावजूद सात विकेट पर 187 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। ट्रिस्टन स्टब्स ने भी 24 गेंद में तीन छक्कों और एक चौके से नाबाद 44 रन की पारी खेली।

भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन पर तीन विकेट चटकाए जबकि अर्शदीप सिंह ने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए। चक्रवर्ती को एक विकेट मिला लेकिन उन्होंने चार ओवर में 47 रन लुटाए। हार्दिक पंड्या ने भी चार ओवर में 45 रन खर्च किए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत की शुरुआत भी खराब रही और टीम ने पांच रन तक ही अच्छी फॉर्म में चल रहे इशान किशन (00) और तिलक वर्मा (01) के विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मारक्रम ने स्पिन के साथ खुद गेंदबाजी की शुरुआत की और पारी की चौथी गेंद पर ही इशान को मिड ऑफ पर रेयान रिकेल्टन के हाथों कैच करा दिया।

यानसेन के अगले ओवर में तिलक ने भी विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को कैच थमाया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (15) ने मारक्रम पर चौके के साथ चौथी पारी में मौजूदा विश्व कप में अपना खाता खोला।कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यानसेन पर दो चौकों के साथ शुरुआत की।

अभिषेक ने कागिसो रबाडा पर चौका और छक्का जड़ा लेकिन इसके बाद यानसेन की गेंद को हवा में लहरा गए और बॉश ने दौड़ लगाते हुए उनका शानदार कैच लपका। भारत ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 31 रन बनाए। बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए वाशिंगटन सुंदर (11) ने केशव महाराज पर छक्का जड़ा लेकिन बॉश की गेंद पर डिकॉक को कैच देकर पवेलियन लौट गए।

बॉश के अगले ओवर में सूर्यकुमार ने भी मिड विकेट पर ब्रेविस को कैच थमाया जिससे भारत का स्कोर 51 रन पर पांच विकेट हो गया। पंड्या और शिवम दुबे ने इसके बाद पारी का आगे बढ़ाया लेकिन बड़े शॉट खेलने के नाकाम रहे जिससे जरूरी रन गति में इजाफा होता रहा।

पंड्या भी दबाव के बीच महाराज की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर स्टब्स को कैच दे बैठे जबकि एक गेंद बाद रिंकू सिंह (00) ने भी लॉग ऑफ पर इसी क्षेत्ररक्षण को कैच थमाया। अर्शदीप (01) ने भी इसके बाद लॉग ऑफ पर स्टब्स को ही कैच थमाया जिससे भारत ने 15वें ओवर में तीन विकेट गंवाए। भारत को अंतिम पांच ओवर में 100 रन की दरकार थी।

दुबे ने रबाडा पर लगातार दो छक्कों के साथ 16वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया लेकिन इसी ओवर में मिलर ने उनका कैच टपकाया। अगले दो ओवर में सिर्फ चार रन बने जिससे भारत की बड़ी हार तय हो गई। दुबे ने 19वें ओवर में यानसेन की गेंद पर एनगिडी को कैच थमाया जबकि अगली गेंद पर बुमराह भी पवेलियन लौट गए जिससे भारतीय पारी का अंत हुआ।

इससे पहले मारक्रम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन टीम ने 20 रन तक ही तीन विकेट गंवा दिए। बुमराह ने दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (06) को बोल्ड करके भारत को पहली सफलता दिलाई जबकि अर्शदीप सिंह ने अगले ओवर में मारक्रम (04) को मिड ऑफ पर पंड्या के हाथों कैच कराया।

रेयान रिकेल्टन (07) ने अर्शदीप पर छक्का जड़ा लेकिन अगले ओवर में बुमराह की गेंद को मिड ऑफ पर शिवम दुबे के हाथों में खेल गए। मिलर और ब्रेविस ने इसके बाद पारी को संवारा। दोनों बल्लेबाज शुरुआत से ही अच्छी लय में नजर आए। मिलर ने चक्रवर्ती का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया और फिर अर्शदीप पर भी दो चौके मारे।

दक्षिण अफ्रीका ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 41 रन बनाए। मिलर ने चक्रवर्ती के अगले ओवर में छक्का मारा जबकि ब्रेविस ने भी इस स्पिनर की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा। मिलर ने पंड्या जबकि ब्रेविस ने दुबे की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ।

ब्रेविस ने अगले ओवर में दुबे पर अपना तीसरा छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को हवा में लहराकर डीप मिडविकेट पर अभिषेक के हाथों लपके गए। मिलर ने दुबे के इसी ओवर में छक्के के साथ 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। स्टब्स ने भी चक्रवर्ती पर छक्का मारा लेकिन मिलर ने लॉन्ग ऑफ पर तिलक वर्मा को कैच थमा दिया।

Open in app