मुंबईः सूर्यकुमार यादव ने गुरुवार को कहा कि भारत टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज मैच में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के लिए तैयार है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हमने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से 'ना' नहीं कहा, पाकिस्तान बोर्ड ने ना कहा है। ICC ने मैच शेड्यूल किया है और हम खेलने के लिए तैयार हैं। हमारी टिकटें बुक हो गई हैं और हम दिल्ली के बाद कोलंबो जा रहे हैं।" पाकिस्तान ने घोषणा की है कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगा। पाकिस्तान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को एक बार फिर इस बात की पुष्टि की।
कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि राष्ट्रीय टीम अपनी सरकार के निर्देशों का पालन करेगी। हालांकि, टी20 विश्व कप 2026 के कप्तान दिवस पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा कि बहिष्कार की बात भारत की तरफ से नहीं आई है और उन्होंने पुष्टि की कि टीम 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले मैच में मौजूद रहेगी।
सूर्यकुमार ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारा रवैया बिल्कुल स्पष्ट है। हमने मैच खेलने से मना नहीं किया है। यह दूसरी तरफ से आया है। आईसीसी ने आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। बीसीसीआई और सरकार ने आईसीसी के साथ मिलकर एक तटस्थ स्थल तय किया है। कोलंबो के लिए हमारी फ्लाइट बुक हो चुकी है। इसलिए हम निश्चित रूप से जा रहे हैं।
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में कहा कि उसने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है, लेकिन टीम 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में ‘‘मैदान पर नहीं उतरेगी’’। इस फैसले के साथ टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर चल रही अटकलों का दौर समाप्त हो गया है।
भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहे इस टूर्नामेंट के बीच यह फैसला क्षेत्र में बढ़े राजनीतिक तनाव के माहौल में सामने आया है। सरकार ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, “ पाकिस्तान की सरकार आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की भागीदारी को मंजूरी देती है,
हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।’’ भारत-पाकिस्तान मुकाबला किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट का सबसे बहुप्रतीक्षित मैच माना जाता है, जिसे वैश्विक स्तर पर सर्वाधिक दर्शक, प्रायोजकों की रुचि और प्रसारण राजस्व मिलता है।
इस मुकाबले के बहिष्कार से आईसीसी के सामने लॉजिस्टिक और नियामकीय चुनौतियां खड़ी होने की आशंका है, क्योंकि टूर्नामेंट के कार्यक्रम, विपणन और व्यावसायिक रणनीति का बड़ा हिस्सा इसी मुकाबले के इर्द-गिर्द तैयार किया गया है। वॉकओवर की स्थिति में भारत को पूरे अंक मिल जाएंगे,
लेकिन आईसीसी के पास पीसीबी पर वित्तीय जुर्माना लगाने का अधिकार भी बना रहेगा। पाकिस्तान सात फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, इसके बाद 10 फरवरी को अमेरिका और 18 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगा। पाकिस्तान के सभी मुकाबले कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेले जाएंगे।