हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल 2026 की पहली हार का स्वाद चखा दिया है। हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में एसआरएच ने आरआर के खिलाफ 57 रनों से अपना दूसरा मैच जीता। 217 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही आरआर की टीम एक ओवर पहले ही 159 रनों पर ढेर हो गई।
हैदराबाद सनराइजर्स के प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन! दो ऐसे डेब्यू करने वाले गेंदबाज जिन्होंने आरआर की मज़बूत बैटिंग लाइनअप को तहस-नहस कर दिया। तीसरे ओवर के आखिर तक तो मैच लगभग खत्म ही हो गया था, जब आरआर का स्कोर 9/5 हो गया।
आईपीएल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि किसी गेंदबाज़ ने पहले ही ओवर में तीन विकेट लिए हों, और यह खास उपलब्धि हिंगे के नाम रही। सपने इसी से तो बनते हैं। और विदर्भ के इस खिलाड़ी का यह सपना सच हो गया। हिंगे ने जहां 4 ओवर में 34 रन देकर सफलताएं अर्जित की। वहीं हुसैन के खाते में 4 विकेट आए। उन्होंने 4 ओवर में महज 24 रन लुटाए।
सूर्यवंशी पहली ही गेंद पर आउट हो गए, और उस विकेट के बाद जिस तरह का जश्न मनाया गया, उससे साफ पता चलता है कि वह विकेट कितना अहम था। उनके बाद दो और विकेट गिरे, और आरआर की बैटिंग लाइनअप ऐसे बिखर गई, जैसे गर्म मक्खन पर चाकू चल गया हो। हालांकि, जडेजा (45 रन) और फेरेरा (69 रन) ने हार नहीं मानी।
फेरेरा ने अपनी अर्धशतकीय पारी में ज़ोरदार बैटिंग से कुछ बड़े शॉट्स लगाए। वहीं जडेजा ने उनका भरपूर साथ दिया। दोनों ने मिलकर 118 रनों की साझेदारी निभाई। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएच ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। एसआरएच के लिए कप्तान ईशान किशन ने 44 गेंदों में 91 रनों की पारी खेली। जबकि क्लासेन ने 40 रन जोड़े। आरआर के लिए जोफ्रा आर्चर ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए।