हैदराबादः सनराइजर्स हैदराबाद ने पैट कमिंस की अनुपस्थिति में ईशान किशन को कार्यवाहक कप्तान नियुक्त करने की पुष्टि की है। चोट से उबरने के बाद कमिंस की वापसी तक किशन कप्तान रहेंगे। वहीं, अभिषेक शर्मा उप-कप्तान होंगे। यह पहली बार होगा, जब आईपीएल सीजन की शुरुआत में सभी 10 भारतीय कप्तान एक साथ खेलेंगे। सनराइजर्स हैदराबाद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, "पैट कमिंस चोट से उबरने के दौरान कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। उनके ठीक होने तक ईशान किशन कप्तान और अभिषेक शर्मा उप-कप्तान रहेंगे।"
यह पिछले कुछ महीनों में ईशान किशन के शानदार प्रदर्शन का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है। राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने ज़बरदस्त वापसी की। सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में वह शीर्ष स्कोरर रहे और झारखंड को कप्तान के रूप में अपना पहला खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। टीम में वापसी के बाद, उन्होंने भारत की निडर बल्लेबाजी शैली को बखूबी अपनाया।
तीसरे नंबर और शीर्ष क्रम पर प्रभावशाली प्रदर्शन किया। भारत की खिताबी टी20 विश्व कप 2026 टीम में किशन ने संजू सैमसन के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया की एशेज जीत में एकमात्र टेस्ट खेलने के बाद से कमिंस एक्शन से बाहर हैं। उन्हें पीठ की चोट से जूझना पड़ा है, लेकिन उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के दौरान किसी समय एसआरएच में शामिल हो जाएंगे।
टीम में वापसी के बाद कमिंस कप्तानी संभालेंगे। मेगा ऑक्शन में एसआरएच में शामिल होने के बाद किशन का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। वह अभिषेक शर्मा के साथ शानदार फॉर्म में हैं। शर्मा 2019 से फ्रेंचाइजी के साथ हैं और किशन के कप्तान रहते हुए उप-कप्तान हैं।
पोंटिंग ने यानसेन के देर से टीम से जुड़ने को स्वीकृति दी
पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने आईपीएल के लिए मार्को यानसेन के देर से आने को स्वीकृति दे दी है। उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि यह दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर उन खिलाड़ियों के आखिरी समूह में शामिल था जो टी20 विश्व कप के बाद ‘लॉजिस्टिक्स’ से जुड़ी दिक्कतों के कारण भारत से देर से रवाना हुए थे। सफर खत्म होने के बाद एक हफ्ते से अधिक समय तक भारत में ही फंसे रहे थे।
चक्रवर्ती और नारायण को ईडन गार्डन्स में अनुकूल पिच मिलनी चाहिए: डु प्लेसी
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी ने कहा है कि वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन टी20 विश्व कप में भले ही कुछ खास नहीं रहा हो लेकिन 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए यह भारतीय रहस्मयी स्पिनर बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा।
इस टूर्नामेंट से संन्यास लेने से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले डु प्लेसी ने ‘जियो हॉटस्टार’ से कहा कि ईडन गार्डन्स की पिच सुनील नारायण और चक्रवर्ती की गेंदबाजी के अनुकूल होनी चाहिए।