दक्षिण अफ्रीका पहले टेस्ट में श्रीलंका पर बड़ी जीत के करीब

By भाषा | Updated: December 29, 2020 16:43 IST2020-12-29T16:43:11+5:302020-12-29T16:43:11+5:30

South Africa close to big win over Sri Lanka in first test | दक्षिण अफ्रीका पहले टेस्ट में श्रीलंका पर बड़ी जीत के करीब

दक्षिण अफ्रीका पहले टेस्ट में श्रीलंका पर बड़ी जीत के करीब

सेंचुरियन, 29 दिसंबर (एपी) दक्षिण अफ्रीका ने मंगलवार को यहां सुबह के सत्र में श्रीलंका के पांच विकेट निकालकर पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में बड़ी जीत की तरफ कदम बढ़ाये।

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाजों की एक नहीं चली। श्रीलंका ने चौथे दिन लंच तक सात विकेट पर 148 रन बनाये हैं और वह अब भी दक्षिण अफ्रीका से 77 रन पीछे है।

श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 396 रन बनाये थे जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने फाफ डुप्लेसिस के 199 रन की मदद से 621 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

श्रीलंका के पांच खिलाड़ी इस टेस्ट मैच में चोटिल हो गये। इनमें आलराउंडर धनंजय डिसिल्वा तथा तेज गेंदबाज कासुन रजिता और लाहिरू कुमारा शामिल हैं जिन्हें अभी बल्लेबाजी करनी है। विश्व फर्नांडो के बिना खाता खोले शून्य पर आउट होने के बाद लंच ले लिया गया।

एक अन्य चोटिल खिलाड़ी अपना पहला टेस्ट खेल रहे स्पिन गेंदबाज वाहिंद हसरंगा क्रीज पर उतरे और लंच के समय 28 रन बनाकर खेल रहे थे।

दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने श्रीलंका के शीर्ष क्रम को झकझोरने में देर नहीं लगायी। इनमें सबसे महत्वपूर्ण विकेट कुसाल परेरा का था जिन्होंने आक्रामक रवैया अपनाकर 10 चौकों की मदद से 64 रन बनाये। उन्हें एनरिच नोर्जे ने विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। कप्तान डिकॉक ने इसके लिये हालांकि ‘रिव्यू’ लिया था।

श्रीलंका ने सुबह दो विकेट पर 65 रन से आगे खेलना शुरू किया तथा नौ ओवर के अंदर दिनेश चंदीमल (25), निरोशन डिकवेला (10) और परेरा के विकेट गंवा दिया। इसके बाद दासुन शनाका (छह) और फर्नांडो भी लंच से पहले पवेलियन लौट गये।

वियान मुल्डर ने इनमें से दो विकेट लिये। उन्होंने चोटिल चंदीमल को बोल्ड किया तथा डिकवेला को विकेट के पीछे कैच देने के लिये मजबूर किया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in app