एमएस धोनी ने शनिवार (15 अगस्त) को एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहते हुए दुनिया भर के करोड़ों फैंस को चौंका दिया। पूर्व भारतीय कप्तान धोनी, जो आगामी आईपीएल सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी करने वाले हैं, ने अपने टीम इंडिया के पूरे करियर की झलक दिखाने वाले एक भावुक वीडियो के साथ अपने इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह दिया।
क्रिकेट इतिहास के महानतम कप्तानों में शुमार धोनी के संन्यास पर दुनिया भर से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। माही की पत्नी साक्षी धोनी ने भी अपने पति के संन्यास पर उनके नाम एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया।
साक्षी ने धोनी के संन्यास पर किया दिल को छू लेने वाला पोस्ट
साक्षी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "आपने जो भी हासिल किया है उस पर आपको गर्व होना चाहिए। खेल के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए बधाई। मुझे आपकी उपलब्धियों और आप पर गर्व है।"
"मुझे यकीन है कि आपने अपने जुनून को अलविदा कहने के लिए उन आंसुओं को रोका होगा। आगे आपके स्वास्थ्य, खुशी और शानदार चीजों की कामना है।"
धोनी ने 16 साल तक भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद अपने इंटरनेशनल करियर को अलविदा कहा। उन्होंने भारत के लिए 90 टेस्ट, 350 वनडे, 98 टी20 खेले और क्रमश: 4876, 10773 और 1617 रन बनाए। उन्होंने तीनों फॉर्मेट में 829 शिकार किए, जो भारतीय विकेटकीपर के लिए सर्वाधिक है, जबकि वह सर्वकालिक सर्वाधिक शिकार के मामले में केवल एडम गिलक्रिस्ट और मार्क बाउचर से पीछे हैं।
धोनी ने भारत के लिए आखिरी मैच 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जिसमें भारत 18 रन से हारकर वर्ल्ड कप से बाहर हो गया था।