सचिन तेंदुलकर, माधुरी दीक्षित व वरूण धवन, ‘ग्लोबल सिटिज़न लाइव’ अभियान में हिस्सा लेंगे

By भाषा | Updated: September 22, 2021 20:11 IST2021-09-22T20:11:35+5:302021-09-22T20:11:35+5:30

Sachin Tendulkar, Madhuri Dixit and Varun Dhawan to participate in 'Global Citizen Live' campaign | सचिन तेंदुलकर, माधुरी दीक्षित व वरूण धवन, ‘ग्लोबल सिटिज़न लाइव’ अभियान में हिस्सा लेंगे

सचिन तेंदुलकर, माधुरी दीक्षित व वरूण धवन, ‘ग्लोबल सिटिज़न लाइव’ अभियान में हिस्सा लेंगे

मुंबई, 22 सितंबर दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, अभिनेत्री माधुरी दीक्षित नेने और अभिनेता वरूण धवन उन भारतीय शख्सियतों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने ‘ग्लोबल सिटिज़न लाइव’ अभियान का समर्थन किया है। आयोजकों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

‘ग्लोबल सिटिज़न’ ने ‘विज़क्राफ्ट’ के साथ साझेदारी में पिछले हफ्ते ऐलान किया था कि ‘ग्लोबल सिटिज़न लाइव’ प्रसारण में मुंबई भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। इसके तहत छह महाद्वीपों के विभिन्न स्थानों से 25 सितंबर को अलग अलग के तरह के महोत्सवों, कार्यक्रमों और प्रस्तुतियों का प्रसारण किया जाएगा।

अभिनेता अमिताभ बच्चन, आध्यात्मिक नेता सद्गुरु, अभिनेता अनिल कपूर, फरहान अख्तर, रितिक रोशन, आयुष्मान खुराना, अर्जुन कपूर, भूमि पेडनेकर, जान्हवी कपूर, दीया मिर्जा, कियारा आडवाणी, सारा अली खान, सोनाक्षी सिन्हा और संगीतकार बादशाह, अमित त्रिवेदी, अजय- अतुल और तनिष्क बागची सहित अन्य जानी-मानी शख्सियतें मुंबई से इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रही हैं।

मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की मेज़बानी अनिल कपूर करेंगे। कार्यक्रम को ‘ वैश्विक एकजुटता’ दिवस के तौर पर पेश किया जा रहा है। आयोजक के मुताबिक, कार्यक्रम के जरिए विश्व नेताओं, परोपकारियों, बड़े उद्योगपतियों से ग्रह को बचाने, गरीबी को हराने, जलवायु परिवर्तन, भुखमरी को खत्म करने और टीके की समानता के लिए काम करने का आह्वान किया जाएगा।

‘ज़ी एंटरटेंमेंट’ ने भारतीय प्रसारक साझेदार के तौर पर ‘ग्लोबल सिटिज़न लाइव’ से हाथ मिलाया है। कार्यक्रम का प्रासरण ज़ी के चैनलों पर होगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in app