मुंबई में नेट अभ्यास के दौरान रोहित को हाथ में चोट लगी, पांचाल को कवर के तौर पर बुलाया गया

By भाषा | Updated: December 13, 2021 18:47 IST2021-12-13T18:47:35+5:302021-12-13T18:47:35+5:30

Rohit injured his hand during net practice in Mumbai, Panchal was called in as cover | मुंबई में नेट अभ्यास के दौरान रोहित को हाथ में चोट लगी, पांचाल को कवर के तौर पर बुलाया गया

मुंबई में नेट अभ्यास के दौरान रोहित को हाथ में चोट लगी, पांचाल को कवर के तौर पर बुलाया गया

नयी दिल्ली, 13 दिसंबर भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान रोहित शर्मा को मुंबई में नेट सत्र के दौरान हाथ में चोट लगी जिसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस महीने होने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले उनके कवर के तौर पर भारत ए टीम के कप्तान प्रियांक पांचाल को बुलाया है।

टीम के विशेषज्ञ राघवेंद्र उर्फ रघु की थ्रो डाउन का अभ्यास करते हुए रोहित को गेंद लगी लेकिन अभी उनकी चोट की गंभीरता का पता नहीं चला है।

इस बल्लेबाज के करीबी सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘उसके हाथ में चोट लगी है लेकिन चिकित्सा टीम इसे देख रही है।’’

इस बीच बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ ‘ए’ टेस्ट मैच में 96 रन बनाने वाले प्रियांक पांचाल को कवर के तौर पर बुलाया गया है।

अधिकारी ने बताया, ‘‘पांचाल को आज रात मुंबई में टीम होटल पहुंचने को कहा गया है। वह रोहित के कवर के तौर पर वहां है। साथ ही इसलिए भी ऐसा किया गया क्योंकि वह हाल में दक्षिण अफ्रीका गया था और रन बनाए थे, उसे टीम से जुड़ने को कहा गया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in app