Rishabh Pant ENG vs IND Test 2025: भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शनिवार (12 जुलाई) को वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विव रिचर्ड्स के इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैचों में 34 छक्के लगाने के रिकॉर्ड को तोड़कर इतिहास रच दिया। रिचर्ड्स ने अपने 17 साल के टेस्ट करियर में इंग्लैंड के खिलाफ 36 टेस्ट खेले और 34 छक्के लगाए। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैचों में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में पंत और रिचर्ड्स के बाद न्यूज़ीलैंड के टिम साउथी और भारत के यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल का नंबर आता है।
Rishabh Pant ENG vs IND Test 2025: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैचों में सबसे ज़्यादा छक्के-
36ः ऋषभ पंत (भारत)
34ः विव रिचर्ड्स (वेस्टइंडीज)
30ः टिम साउथी (न्यूज़ीलैंड)
27ः यशस्वी जायसवाल (भारत)
26ः शुभमन गिल (भारत)।
पंत, जो इस हफ्ते लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ अपना 15वां टेस्ट खेल रहे हैं, के नाम अब 36 छक्के हैं। भारत की पहली पारी के 59वें ओवर की आखिरी गेंद पर बेन स्टोक्स को छक्का लगाकर और फिर 62वें ओवर की पहली गेंद पर शोएब बशीर को छक्का लगाकर रिचर्ड्स का रिकॉर्ड तोड़ा।
पंत ने पहली पारी में भारत के लिए 112 गेंदों पर 74 रन बनाए और केएल राहुल (नाबाद 98) के साथ चौथे विकेट के लिए 141 रन जोड़े। 66वें ओवर की तीसरी गेंद पर बेन स्टोक्स के सीधे थ्रो पर पंत पवेलियन लौट गए, जब वह लंच ब्रेक से पहले लॉर्ड्स में अपना शतक पूरा करने के लिए राहुल को स्ट्राइक पर वापस लाने की कोशिश कर रहे थे।
पहली पारी में क्रीज पर रहते हुए पंत ने आठ चौके और दो छक्के लगाए। अब उनके नाम खेल के पांच दिवसीय प्रारूप में 88 छक्के हैं, जिससे उन्होंने रोहित शर्मा के 88 छक्कों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अब तक केवल वीरेंद्र सहवाग (91) ने ही भारतीयों में पंत से ज़्यादा टेस्ट छक्के लगाए हैं।
सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (नाबाद 98) और ऋषभ पंत (74) की शानदार बल्लेबाजी से भारत ने तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को यहां दिन के पहले सत्र के खेल के बाद चार विकेट 248 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत बना ली है। भारतीय पारी के 66वें ओवर में पंत के रन आउट होते ही अंपायरों ने लंच की घोषणा कर दी।
इस समय राहुल दो रन से शतक से दूर है। भारत अब भी इंग्लैंड से पहली पारी के आधार 139 रन दूर है और उसके छह विकेट शेष है। भारत ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 145 रन की और बीते दिन के नाबाद बल्लेबाज राहुल और पंत ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को विकेट लेने कोई मौका नहीं दिया। पंत ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स के खिलाफ छक्का लगाकर 86 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 141 रन की साझेदारी के साथ भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।