RCB vs SRH: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के ओपनर में शनिवार को डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी ने एसआरएच द्वारा दिए गए 202 रनों के बड़े टारगेट को आसानी से 15.4 ओवर में ही अपने 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। आरसीबी के लिए देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। पडिक्कल ने 26 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। उन्होंने 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वहीं कोहली ने नाबाद रहते हुए 38 गेंदों में 69 रन बनाए। कोहली ने अपनी पारी में 5 चौके और 5 छक्के जड़े। उनके ्अलावा कप्तान रजत पाटी दार ने 12 गेंदों में 31 रन जोड़कर टीम के लिए बेहतरीन कैमियो किया। रन चेज करते हुए आरसीबी ने दूसरे ओवर में अपना विकेट फिल सॉल्ट के रूप में खोया। तीसरे क्रम में बल्लेबाजी करने आए देवदत्त ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर एसआरएच के गेंदबाजों में दबदबा बना दिया। उन्होंने कोहली के साथ मिलकर 45 गेंदों में 101 रनों की साझेदारी निभाई। आरसीबी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से मुकाबला पूरी तरह से एकतरफा हो गया।
इस प्रकार सीज़न के पहले मैच में आरसीबी ने एसआरएच को पूरी तरह से पछाड़ दिया। यह सच है कि टॉस जीतना एक बेहतरीन बात थी, लेकिन जिस तरह से उन्होंने विरोधी टीम को मात दी, वह वाकई खास था। दूसरी पारी में पिच पूरी तरह से सपाट हो गई थी और रन चेज़ करते हुए मेज़बान टीम को रोकना नामुमकिन सा हो गया था। वहीं सनराइजर्स के कुछ फैसले हैरान करने वाले थे - हालात काबू से बाहर होते जा रहे थे, फिर भी उन्होंने पावरप्ले में ईशन मलिंगा और हर्षल पटेल का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं किया।
इससे पूर्व सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 201 रन बनाए। टीम के लिए कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन ने 38 गेंदों में 80 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उनके 8 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनके अलावा अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में 43 रन और क्लासेन ने 22 बॉल में 31 रनों का योगदान दिया, जिससे टीम का स्कोर 200 रनों के पार जा सका। जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड ने आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए।