आईपीएल के 13वें सीजन का छठवां मैच किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया। केएल राहुल की नाबाद 132 रनों की धमाकेदार पारी के दम पर पंजाब ने आरसीबी को 97 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। पंजाब ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 206 रन का मजबूत स्कोर बनाया और आरसीबी की पूरी टीम 109 रनों पर ही ढेर हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 4 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। देवदत्त पडिक्कल और कप्तान कोहली 1-1 रन बनाकर आउट हुए। रवि विश्नोई ने एऱोन फिंच को 20 के स्कोर पर बोल्ड कर आरसीबी को चौथा झटका दिया। मुर्गन अश्विन ने एवी डिविलियर्स का विकेट लेकर आरसीबी की कमर तोड़ने का काम किया।
बल्लेबाजी में फ्लॉप रहे ग्लेन मैक्सवेल ने गेंद से कमाल दिखाया। मैक्सवेल ने शिवम दुबे को आउट कर आरीसीबी की जीत की उम्मीदों को पूरी तरह से खत्म कर दिया। केएल राहुल के नाबाद शतकीय पारी की बदौलत पंजाब ने आरसीबी के सामने जीत के लिए 207 रनों का लक्ष्य दिया था। पंजाब ने 3 विकेट खोकर 206 रन बनाए। टीम के लिए केएल राहुल ने सबसे अधिक 132 रन बनाया।
इससे पहले मयंक अग्रवाल और केएल राहुल ने 42 गेंदों में 57 रन की पारी खेलकर पंजाब को मजबूत शुरुआत देने का काम किया। मयंक अग्रवाल को युजवेंद्र चहल ने 26 के स्कोर पर बोल्ड कर पवेलियन भेजा। केएल राहुल ने महज 36 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 17वां अर्धशतक पूरा किया। दूसरे विकेट के लिए निकलोस पूरन और राहुल के बीत 38 गेंदों में 58 रन की साझेदारी हुई। पूरन शिवम दुबे की गेंद पर 17 रन बनाकर आउट हो गए।