पूनिया, वलारिवन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, मोना पार्थसारथी को सर्वश्रेष्ठ खेल पत्रकार का पुरस्कार

By भाषा | Updated: December 9, 2020 16:15 IST2020-12-09T16:15:32+5:302020-12-09T16:15:32+5:30

Poonia, Valarivan Best Player, Mona Parthasarathy Award for Best Sports Journalist | पूनिया, वलारिवन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, मोना पार्थसारथी को सर्वश्रेष्ठ खेल पत्रकार का पुरस्कार

पूनिया, वलारिवन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, मोना पार्थसारथी को सर्वश्रेष्ठ खेल पत्रकार का पुरस्कार

googleNewsNext

नयी दिल्ली, नौ दिसंबर तोक्यो ओलंपिक का कोटा हासिल कर चुके पहलवान बजरंग पूनिया और युवा निशानेबाज एलावेनिल वलारिवन को भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) ‘इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड 2020’ में इस साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी जबकि पीटीआई-भाषा की मोना पार्थसारथी को साल का सर्वश्रेष्ठ खेल पत्रकार चुना गया।

इस पुरस्कार समारोह का आयोजन ‘10वें वैश्विक खेल शिखर सम्मेलन : फिक्की टीयूआरएफ 2020’ के मौके पर ऑनलाइन किया गया था। विजेताओं का चयन पिछले एक साल (2019-20) के प्रदर्शन और योगदान को ध्यान में रखकर किया गया।

पिछले लगभग दो दशक से खेल पत्रकारिता से जुड़ी मोना पार्थसारथी को उनके सकारात्मक लेखन के लिये ज्यूरी ने वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खेल पत्रकार के प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिये चुना। खिलाड़ियों के खेल से जुड़ी रिपोर्टों और साक्षात्कार के अलावा उनके मानवीय पहलुओं को सामने लाने के कारण उन्होंने खेल पत्रकारिता में अपनी विशिष्ट पहचान बनायी है।

इस बीच तोक्यो ओलंपिक के लिए अमेरिका में अभ्यास कर रहे एशियाई खेलों (2018) के स्वर्ण पदक विजेता बजरंग ने पुरस्कार हासिल करने पर खुशी जताते हुए कहा, ‘‘मुझे यह मान्यता देने के लिए मैं ज्यूरी और फिक्की का आभार व्यक्त करना चाहूंगा। भविष्य में मेरा उद्देश्य फिर से अपना सर्वश्रेष्ठ देना और देश के लिए बहुत सारे पदक जीतना होगा। ऐसे पुरस्कार मुझे अच्छा करने के लिए प्रेरित करते हैं। इससे मुझे बहुत खुशी मिलती है। ’’

वलारिवन ने इस मौके पर आपने मेंटोर गगन नारंग और कोच नेहा चौहान का शुक्रिया अदा किया।

इस 21 साल की महिला राइफल निशानेबाज ने कहा, ‘‘ मैं अपने परिवार के साथ हमेशा साथ देने के लिए अपने मेंटोर गगन नारंग और मेरी कोच नेहा चौहान का शुक्रिया अदा करना चाहूंगी। मुश्किल समय में मेरा समर्थन करने के लिए मैं भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) को इस मौके पर धन्यवाद देना चाहती हूं।’’

फिक्की इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड्स फिक्की द्वारा पूरे साल शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विभिन्न हितधारकों के योगदान को मान्यता देने का एक प्रयास है।

इस मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, फिक्की की अध्यक्ष संगीता रेड्डी , भारतीय प्रबन्धन संस्थान (आईआईएम) के निदेशक और इन पुरस्कारों के ज्यूरी सदस्य प्रो धीरज शर्मा, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) मुकुल मुद्गल और एमपीएल के ब्रांड (संचार) प्रमुख हिमांशु राज ने विजेताओं को ऑनलाइन पुरस्कार प्रदान किये।

दिग्गज क्रिकेटर अनिल कुंबले भी इस अवसर पर उपस्थित थे । उन्होंने अपने उद्यम - टेनविक स्पोर्ट्स की तरफ से खेल को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ निजी क्षेत्र की कंपनी का पुरस्कार लिया।

राधाकृष्ण नायर को सर्वश्रेष्ठ कोच जबकि सुंदर सिंह गुर्जर और सिमरन शर्मा को साल का सर्वश्रेष्ठ पैरा-एथलीट खिलाड़ी चुना गया।

भारतीय पैरालंपिक समिति और भारतीय कुश्ती महासंघ को साल का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय खेल महासंघ का पुरस्कार दिया गया।

फिक्की इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड्स 2020 के विजेताओं की सूची इस प्रकार है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in app