PAK vs USA:पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने मंंगलवार को कोलंबो में यूएसए को 32 रनों से हराकर आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान टीम ने अपनी पिछले टी20 वर्ल्डकप 2024 में मिली हार का भी बदला ले लिया, जिसमें एसोशिएट देश ने पाकिस्तान को सुपर ओवर में करारी शिकस्त दी थी।
ताजा मुकाबले में पाकिस्तान ने यूएसए को जीत के लिए 191 रनों का लक्ष्य दिया था। जिसके जवाब में अमेरिकी टीम 20 ओवर में अपने 8 विकेट गंवाकर 158 रन ही बना सकी, जिससे पाकिस्तान की जीत सुनिश्चित हुई कोलंबो में पाकिस्तान के लिए स्पिनरों ने काम कर दिया है। वे आज पांच स्पिनरों के साथ उतरे, सलमान मिर्ज़ा की जगह उस्मान तारिक को उतारा, और उन्होंने यूएसए की लय बिगाड़ दी।
पाकिस्तान के उस्मान तारीक ने 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा दो सफलता शादाब खान के नाम रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए ने शुरुआत अच्छी की और 42 रन पर अपना पहला विकेट खोया। इसके बाद पाकिस्तान की स्पिन गेंदबाजी अमेरिकी बल्लेबाजों पर पूरी तरह से हावी हो गई। थोड़े-थोड़े अंतराल के बाद विकेट गिरते रहे।
यूएसए के लिए शुभम रंजने ने 30 गेंदों में 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज शयान जहांगीर ने 34 गेंदों में 49 रन बनाए। मिलिंद कुमार ने 29 रन जोड़े लेकिन शेष बल्लेबाज बेदम साबित हुए। इससे पहले जब पाकिस्तान को टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने का मौका मिला तो उसने इसका भरपूर फायदा उठाया।
साहिबज़ादा फरहान ने पाकिस्तान के लिए जबरदस्त पारी खेली। ओपनर बल्लेबाज ने सिर्फ़ 41 गेंदों पर 6 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 73 रन बनाए, उनका स्ट्राइक-रेट 178 का रहा। उनके अलावा बाबर आजम ने 46 रनों की उपयोगी पारी खेली। जबकि शादाब ख़ान का 12 गेंदों 30 रनों का कैमियो भी पाकिस्तान टीम के लिए बहुत ही बढ़िया रहा। जिससे उसका स्कोर 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 190 पहुंच सका। यूएसए के लिए शैडले ने अच्छी गेंदबाजी की और चार सफलताएं अर्जित कीं।