टी20 मुंबई लीग: अजिंक्य रहाणे और सूर्यकुमार बिके सबसे महंगे, 11 मार्च से शुरू होंगे मुकाबले

श्रेयष अय्यर को मुंबई नॉर्थ सेंट्रल ने 5 लाख में आइकन खिलाड़ी के तौर पर खरीदा।

By विनीत कुमार | Updated: March 4, 2018 12:41 IST

Open in App

भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे और सूर्यकुमार यादव टी20 मुंबई लीग के लिए हुई नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी के तौर पर उभरे हैं। रहाणे को मुंबई नॉर्थ ने 7 लाख रुपये में आइकन खिलाड़ी के तौर पर खरीदा। वहीं, इतने ही रुपये में मुंबई नॉर्थ ईस्ट ने सूर्यकुमार को खरीदा। 

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 11 मार्च से शुरू हो रहे इस लीग के लिए रोहित शर्मा को मुंबई नॉर्थ वेस्ट ने 6 लाख रुपये में अपने आइकन खिलाड़ी के तौर पर खरीदा। यह लीग 21 मार्च तक चलेगी। हालांकि, रोहित शर्मा के इस लीग में खेलने की संभावना कम है। दरअसल, रोहित शर्मा को श्रीलंका में 6 मार्च से शुरू हो रहे टी20 ट्राई सीरीज में भारत की कप्तानी करनी है। यह सीरीज 18 मार्च तक चलेगी। 

दूसरी ओर, श्रेयष अय्यर को मुंबई नॉर्थ सेंट्रल ने 5 लाख में आइकन खिलाड़ी के तौर पर खरीदा। अय्यर श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, अभिषक नायर को मुंबई साउथ ने आइकन खिलाड़ी के तौर पर 4 लाख में खरीदा। सिद्धेश लाड को मुंबई साउथ सेंट्रल ने 4 लाख में अपने आइकन खिलाड़ी के तौर पर खरीदा।

हाल में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ को मुंबई नॉर्थ ने 2.80 लाख में खरीदा। वहीं, धवल कुलकर्णी को मुंबई नॉर्थ ईस्ट ने 1.50 लाख में खरीदा।

टॅग्स :टी20अजिंक्य रहाणेरोहित शर्मापृथ्वी शॉ

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या