टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी वेस्टइंडीज के खिलाफ गुरुवार को खेले गए पांचवें वनडे में सिर्फ एक रन से भारत के लिए वनडे में दस हजार रन बनाने वाला पांचवां बल्लेबाज बनने से चूक गए। इस मैच में पहले खेलते हुए वेस्टइंडीज टीम 104 रन पर सिमट गई और भारत ने ये मैच आसानी से 14.5 ओवर में ही 9 विकेट से जीत लिया।
इस मैच में धोनी को बैटिंग का मौका ही नहीं मिला और वह भारत के लिए वनडे में 9999 रन के स्कोर पर ही अटक गए। अब धोनी को इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए दो महीने से ज्यादा लंबा इंतजार करना पड़ेगा क्योंकि भारतीय टीम अपना अगला वनडे मैच 12 जनवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी।
कई फैंस को ये बात रास नहीं आई और उन्होंने इस मैच में धोनी को बैटिंग का मौका न देने के लिए विराट कोहली की आलोचना की। कुछ फैंस की सलाह थी कि धोनी से ओपनिंग कराई जानी चाहिए जबकि कुछ अन्य का मानना था कि शिखर धवन के आउट होने के बाद धोनी को नंबर तीन पर भेजा जा सकता था, जबकि इस नंबर पर कोहली खुद खेलने आए थे।
धोनी के अलावा भुवनेश्वर कुमार भी अपने 100 वनडे विकेट पूरा करने से महज एक विकेट दूर रह गए और अब उनके नाम 95 मैचों में 99 विकेट दर्ज हैं। भुवी को विंडीज के खिलाफ पांचवें वनडे में ये उपलब्धि हासिल करने के लिए दो विकेट की जरूरत थी लेकिन वह सिर्फ एक ही विकेट ले पाए।