MI vs SRH: मुंबई ने हैदराबाद को सुपर ओवर में हराया, दर्ज की सीजन की 8वीं जीत

IPL 2019, MI vs SRH Live Update: मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2019 के 51वें मैच का लाइव अपडेट...

By सुमित राय | Updated: May 3, 2019 00:53 IST

Open in App

मुंबई इंडियंस ने अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2019 के 51वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को सुपर ओवर में हरा दिया। इस जीत के साथ ही मुंबई की टीम के 8 जीत के साथ 16 अंक हो गए और टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया। मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में शामिल होने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स ने प्लेऑफ में जगह बनाई थी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम ने क्विंटन डिकॉक (नाबाद 69) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 162 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद सनराइजर्ज हैदराबाद की टीम ने मनीष पाण्डेय (नाबाद 71) की शानदार पारी की बदौलत 20 में छह विकेट गंवाकर 162 रन बना लिए और मैच टाई हो गया।

टाई होने के बाद मैच सुपर ओवर में गया और हैदराबाद की टीम पहले बैटिंग करने आई। पहली गेंद पर मनीष पाण्डेय दो रन लेने के चक्कर में रन आउट हो गए। इसके बाद मार्टिन गप्टिल ने एक रन लिया, लेकिन तीसरी गेंद पर मोहम्मद नबी ने छक्का जड़ दिया। हालांकि चौथी गेंद पर बुमराह ने शानदार यॉर्कर डाला और नबी को बोल्ड कर हैदराबाद की पारी खत्म कर दी।

9 रनों के लक्ष्य को मुंबई इंडियंस की टीम ने तीन गेंद में ही हासिल कर लिया। सुपर ओवर में राशिद खान की पहली गेंद पर हार्दिक पंड्या ने छक्का लगाया और दूसरी गेंद पर एक रन लिया। तीसरी गेंद पर कीरोन पोलार्ड ने दो रन लेकर मैच मुंबई के नाम कर दिया।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं -

मुंबई इंडियंस :रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एविन लुइस, सूर्यकुमार यादव, कीरोन पोलार्ड, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, बरिंदर सिंह सरन, राहुल चाहर, लसिथ मलिंगा और जसप्रीत बुमराह।

सनराइजर्स हैदराबाद : केन विलियम्सन (कप्तान), मार्टिन गप्टिल, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), मनीष पाण्डेय, मोहम्मद नबी, विजय शंकर, अभिषेक शर्मा, राशिद खान, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद और बासिल थंपी।

टॅग्स :आईपीएल 2019मुंबई इंडियंससनराइज़र्स हैदराबादरोहित शर्माकेन विलियम्सन

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या