MI vs RCB, IPL 2026: मुंबई के वानखेड़े में आरसीबी ने रविवार को मुंबई इंडियंस को आईपीएल मुकाबले में 18 रनों से मात दी। 241 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 222 रन बना सकी। एमआई के लिए शेरफन रदरफोर्ट ने जुझारू पारी खेली। उन्होंने 31 गेंदों में 9 छक्कों के साथ नाबाद 71 रन बनाए। लेकिन टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। लक्ष्य का पीछा करते हुए एमआई को तब बड़ा झटका लगा जब लय में दिख रहे रोहित शर्मा 19 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर रिटायर हर्ट हुए।
हिटमैन को हैमस्ट्रिंग में दिक्कत के चलते मैदान छोड़ना पड़ा। वहीं तेज गति से रन बटोर रहे रियान रिकेल्टन (37 रन) का विकेट गिरने के बाद मेजबान टीम ने तिलक वर्मा (1 रन) का भी विकेट जल्दी खो दिया। हालांकि जब हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव (33 रन) क्रीज पर थे, तो एमआई की उम्मीद बनी हुई थी। लेकिन जब कप्तान पांड्या (40 रन) आउट हुए तो उम्मीद धूमिल पड़ गई। आरसीबी के लिए सुयश शर्मा ने सर्वाधिक दो सफलता अर्जित की।
इससे पहले आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 240/4 रनों का पहाड़-सा स्कोर खड़ा किया। आरसीबी के इस विशाल स्कोर में फिल सॉल्ट, विराट कोहली (50 रन) और कप्तान रजत पाटीदार (53 रन) की अर्धशतकीय पारी का अहम योगदान रहा। सॉल्ट ने 36 गेंदों में 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 6 छक्के और छह चौके शामिल थे। इसके बाद विराट कोहली ने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वहीं आरसीबी के कप्तान ने 17 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। टिम डेविड ने भी नॉट रहते हुए 34 रनों की नाबाद पारी खेली। एमआई की गेंदबाजी साधारण रही। बोल्ट, पांड्या और ठाकुर को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ। इस जीत के साथ आरसीबी अंकतालिका में अब चार मुकाबले में 3 जीत से प्राप्त 6 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर है। जबकि एमआई 4 मैचों में अभी तक पहला मैच जीत सकी है। वह दो अंकों के साथ नीचे से तीसरे नंबर पर काबिज है।