Highlightsआरसीबी की टीम अभी छह अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर है। अगला मैच 10 अप्रैल को बेंगलुरु में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा।आरसीबी की टीम मौजूदा आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
MI vs RCB IPL 2025: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार पर यहां मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान धीमी ओवर गति के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आरसीबी ने सोमवार को खेला गया यह मैच 12 रन से जीता था। पाटीदार ने 32 गेंद पर 64 रन बनाकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। आईपीएल की मीडिया विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘आईपीएल की आचार संहिता के धीमी ओवर गति से संबंधित अनुच्छेद 2.2 के तहत यह उनकी टीम का सत्र का पहला अपराध था और इसलिए पाटीदार पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।’’ आरसीबी की टीम अभी छह अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर है। उसका अगला मैच 10 अप्रैल को बेंगलुरु में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा।
पाटीदार के सहज नेतृत्व में आरसीबी जानता है की जीत के लिए क्या करना है: गावस्कर
अपने जमाने के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनके सहज रवैए ने टीम को वर्षों की निराशा के बाद आखिरकार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सफलता की राह खोजने में मदद की है। आरसीबी की टीम मौजूदा आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
गावस्कर ने जियोस्टार से कहा,‘‘कप्तान के रूप में पाटीदार सहज नजर आते हैं। उनकी टीम ने 17 वर्षों में खिताब नहीं जीता है और अब उसके खिलाड़ी समझते हैं कि जीतने के लिए क्या करने की जरूरत है। एक सहज और संयमित कप्तान के साथ टीम के साथ जुड़े अन्य लोग भी अपना पूरा योगदान दे रहे हैं।’’
गावस्कर ने आरसीबी के मेंटर (मार्गदर्शक) दिनेश कार्तिक की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘उसके पास कई सीनियर लोग हैं जो हमेशा मदद करने के लिए तैयार रहते हैंं। उसके पास मजबूत सहयोगी स्टाफ है। उसके सहयोगी स्टाफ में दिनेश कार्तिक जैसा व्यक्ति है जिनके प्रभाव के बारे में लोग पर्याप्त बात नहीं करते हैं।’’
गावस्कर ने कहा, ‘‘दिनेश कार्तिक उस तरह का व्यक्ति है जो युवा खिलाड़ियों के साथ समय बिताता है। उनका मार्गदर्शन करता है और उन्हें इनपुट देता है। रजत भाग्यशाली है कि उसे एक ऐसी टीम मिली है जो सफलता के लिए भूखी है।’’ पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि विराट कोहली की लंबे शॉट खेलने की इच्छा ने उन्हें और भी बड़ा खतरा बना दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘कोहली इस बार शुरू से ही लंबे शॉट खेलने का इरादा रखता है। पहले वह अपनी पारी में बाद में इस तरह के शॉट खेलता था लेकिन अब वह पहली गेंद से जोखिम लेना चाहता है और इससे बहुत बड़ा अंतर आ रहा है। ’’ गावस्कर ने मुंबई इंडियंस के खराब फॉर्म में चल रहे सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा से भी अपने शॉट चयन पर ध्यान देने के लिए कहा। उन्होंने कहा,‘‘जब वह पावर प्ले में आउट हो जाता है, तो दुख होता है। फिर चाहे वह मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहा हो या भारत के लिए। मुझे लगता है कि उसके शॉट चयन में थोड़ा सुधार की जरूरत है।’’