लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र सिंह धौनी ने कश्मीर पहुंच कर गश्त, पोस्ट ड्यूटी, गार्ड ड्यूटी संभाल ली है। वे आज सुबह (31 जुलाई) ही कश्मीर स्थित अपनी पलटन में पहुंचे थे। यहां बतौर लेफ्टिनेंट कर्नल अपनी सेवाएं देते हुए वह गश्त, पोस्ट ड्यूटी, गार्ड ड्यूटी और अन्य गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। धोनी 15 अगस्त तक विक्टर फोर्स का हिस्सा बनकर कश्मीर घाटी में अपनी सेवाएं देंगे।
धोनी मंगलवार को कश्मीर नहीं पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने दिल्ली में स्थित संबंधित सैन्य प्रशासन में रिपोर्ट कर दी थी। आज उन्होंने दिल्ली से कश्मीर पहुंच अपनी ड्यूटी ज्वॉइन की। सैन्य अधिकारियों का कहना है कि वे अब सामान्य तौर पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह करेंगे। वे करीब एक पखवाड़ा कश्मीर में ही रहेंगे।
धौनी 2012 में भी कश्मीर में करीब एक सप्ताह तक सेना के साथ रहे थे। उस समय उन्होंने विभिन्न जगहों पर सैन्यकर्मियों और अधिकारियों के बीच जाकर उनका मनोबल बढ़ाया था। वह उड़ी सेक्टर समेत उत्तरी कश्मीर में एलओसी के साथ सटे विभिन्न अग्रिम इलाकों में भी गए थे। इसके बाद वह दो साल पहले 2017 में भी कश्मीर आए थे और सेना की ओर से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया था।
अधिकारी ने बताया कि यह पहला मौका होगा जब वह आम सैन्य अधिकारियों की तरह कश्मीर में लगभग 15 दिनों तक रहेंगे। उन्हें दक्षिण कश्मीर में किस जगह तैनात किया गया है फिलहाल इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
क्या वे किसी जगह विशेष पर आतंकियों के खिलाफ चलाए जाने वाले अभियान का हिस्सा बनेंगे तो उक्त अधिकारी ने कहा कि अभी यह तय नहीं है, लेकिन सेना की 106 टीए बटालियन में बतौर लेफ्टिनेंट कर्नल वह अपने पद और जिम्मेदारियों के मुताबिक हर गतिविधि में शामिल होंगे।