Highlightsपटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में ईशान किशन ने कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए गर्व की बात है।टीम इंडिया जीती है, पूरे देश के लिए यह बहुत अच्छी बात है।उतना ही ज्यादा युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।
पटनाः टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जीतने के बाद मंगलवार को पटना लौटे भारतीय क्रिकेटर और बिहार के लाल ईशान किशन का पटना एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर उन्हें रिसीव किया और इस ऐतिहासिक जीत के लिए पूरे भारतीय दल को बधाई दी। बता दें कि टी-20 वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी अब अपने-अपने शहर लौट रहे हैं। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में ईशान किशन ने कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि टीम इंडिया जीती है, पूरे देश के लिए यह बहुत अच्छी बात है। हम उम्मीद करेंगे कि आगे भी इसी तरह खेलते रहें और जीतते रहें। ईशान किशन ने बिहार-झारखंड के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि वह जितना अच्छा प्रदर्शन करेंगे, उतना ही ज्यादा युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आप कहीं से भी हों, अगर मेहनत करेंगे तो आगे बढ़ सकते हैं। मैं हमेशा कोशिश करता हूं कि डिस्ट्रिक्ट लेवल से भी बच्चे आगे आएं। टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद कप्तान सूर्य कुमार यादव कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह द्वारा ट्रॉफी को मंदिर ले जाने को लेकर राजनीतिक बहस छिड़ गई थी।
इस पर कीर्ति आजाद ने आपत्ति जताई थी। जब इस विवाद पर ईशान किशन से सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब देने से बचते हुए कहा कि हमने इतना अच्छा वर्ल्ड कप जीता है, आप उससे जुड़ा अच्छा सवाल पूछिए। यह कोई सवाल ही नहीं है उधर, इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
विपक्षी दलों ने इसे सांप्रदायिक रंग देने का आरोप लगाया है, जबकि सत्तारूढ़ दल का कहना है कि खिलाड़ियों की आस्था को मुद्दा बनाना गलत है। बता दें कि टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद देशभर में खिलाड़ियों का स्वागत जारी है और बिहार के क्रिकेट प्रेमियों के लिए ईशान किशन की वापसी खास उत्साह का कारण बनी हुई है।