कोरोना से हारा आईपीएल: कई मामले आने के बाद लीग अनिश्चितकाल के लिये स्थगित

By भाषा | Updated: May 4, 2021 19:31 IST2021-05-04T19:31:10+5:302021-05-04T19:31:10+5:30

IPL lost to Corona: League suspended indefinitely after several cases | कोरोना से हारा आईपीएल: कई मामले आने के बाद लीग अनिश्चितकाल के लिये स्थगित

कोरोना से हारा आईपीएल: कई मामले आने के बाद लीग अनिश्चितकाल के लिये स्थगित

googleNewsNext

नयी दिल्ली, चार मई जैव सुरक्षित वातावरण (बायो बबल) में कोविड-19 के कई मामले पाये जाने के कारण पिछले लगभग एक महीने से सुचारू रूप से चल रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को मंगलवार को अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दिया गया जिसका टीमों ने स्वागत किया हालांकि यात्रा प्रतिबंधों के कारण विदेशी खिलाड़ी सुरक्षित स्वदेश लौटने के लिये बीसीसीआई की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं ।

यह घोषणा सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा और दिल्ली कैपिटल्स के स्पिनर अमित मिश्रा के कोविड-19 के लिये पॉजिटिव पाये जाने के बाद की गयी।

लीग के चेयरमैन बृजेश पटेल ने आईपीएल द्वारा जारी एक बयान में कहा ,‘‘ इंडियन प्रीमियर लीग की संचालन परिषद और बीसीसीआई की आपात बैठक में सर्वसम्मति से आईपीएल 2021 सत्र तुरंत प्रभाव से स्थगित करने का फैसला लिया गया ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ बीसीसीआई खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और अन्य प्रतियोगियों की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं करना चाहता । यह फैसला सभी संबंधित पक्षों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और भलाई को ध्यान में रखकर लिया गया ।’’

आईपीएल ने इसके साथ ही कहा कि बीसीसीआई खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिये अपनी तरफ से हर तरह के प्रयास करेगा। आईपीएल में इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड सहित कई अन्य देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

आईपीएल ने कहा, ‘‘यह मुश्किल समय है विशेषकर भारत में और हमने कुछ सकारात्मकता और खुशी लाने की कोशिश की लेकिन अब जरूरी है कि टूर्नामेंट निलंबित किया जाए और हर कोई इस मुश्किल दौर में वापस अपने परिवार और प्रियजनों के पास चला जाए।’’

उसने कहा, ‘बीसीसीआई आईपीएल 2021 में भाग ले रहे भागीदारों की सुरक्षित वापसी के लिये अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करेगा। ’’

आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने फैसले का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों की वापसी के लिये बीसीसीआई की योजना पर भरोसा जताया । उधर आस्ट्रेलिया ने साफ तौर पर कहा कि भारत से आने वाली उड़ानों पर 15 मई तक लगे प्रतिबंध में वह कोई रियायत नहीं देगा ।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया और आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर संघ ने संयुक्त बयान में कहा ,‘‘ हम 15 मई तक भारत से आने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध के आस्ट्रेलिया सरकार के फैसले का सम्मान करते हैं और किसी रियायत की मांग नहीं करेंगे ।’’

एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि बीसीसीआई को आईपीएल स्थगित होने से 2200 करोड़ रूपये का नुकसान हो सकता है । टूर्नामेंट का फाइनल 30 मई को अहमदाबाद में होना था । अभी तक इसमें 24 दिन ही खेल हो सका और 29 मैच ही खेले गए ।

बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा ,‘‘सत्र बीच में रद्द होने से हमें 2000 से 2500 करोड़ रूपये तक का नुकसान होगा । अनुमानत: 2200 करोड़ रूपये का नुकसान हो सकता है ।’’

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, ‘‘हम देखेंगे कि कया साल के दौरान बाद में हमें आईपीएल आयोजन के लिये कोई उपयुक्त समय मिल सकता है। यह सितंबर हो सकता है लेकिन अभी यह केवल कयास होंगे। अभी की स्थिति यह है कि हम टूर्नामेंट का आयोजन नहीं कर रहे हैं।’’

इससे पहले सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजी कोच एल बालाजी तथा कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के गेंदबाजों संदीप वारियर्स और वरुण चक्रवर्ती के परिणाम भी पॉजिटिव आये थे। संक्रमण बढ़ने के कारण दो आईपीएल मैचों को स्थगित कर दिया गया था।

टूर्नामेंट नौ अप्रैल को शुरू हुआ था तथा केकेआर में मामले पाये जाने तक यह सहजता से आगे बढ़ रहा था।

साथ ही दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान के कुछ मैदानकर्मी पॉजिटिव पाए गए हैं। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने हालांकि कहा कि इनमें कोई भी मैदानकर्मी वह नहीं है जिसे मैदान पर जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

इससे कुछ दिन पहले आस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ी कोविड-19 की चिंताओं के कारण लीग से हट गये थे। वहीं भारत के सीनियर स्पिनर आर अश्विन ने अपने परिजनों के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद आईपीएल बीच में छोड़ दिया था ।

कोविड-19 के कारण 2020 में आईपीएल का आयोजन यूएई में जैव सुरक्षित वातावरण में किया गया था। तब केवल टूर्नामेंट से पहले संक्रमण के कुछ मामले सामने आये थे।

भारत में अभी प्रतिदिन तीन लाख से अधिक माामले सामने आ रहे हैं जबकि हर दिन 3000 से अधिक लोगों की मौत हो रही है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in app