नई दिल्लीः राजस्थान रॉयल्स को बड़ा झटका लग है। इंग्लैंड के करिश्माई हरफनमौला सैम कुरेन ग्रोइन की चोट के कारण राजस्थान रॉयल्स के लिए इंडियन प्रीमियर लीग का अगला सत्र नहीं खेल सकेंगे, जबकि टीम विकल्प पर विचार कर रही है। भारत से टी20 विश्व कप सेमीफाइनल हारने वाली इंग्लैंड टीम के सदस्य रहे कुरेन को राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स से खरीदा था। उनके बदले में संजू सैमसन अब चेन्नई टीम के लिये खेलेंगे। ESPNCricinfo की एक रिपोर्ट के अनुसार कुरेन जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स से रवींद्र जडेजा के साथ रॉयल्स में शामिल किया गया था, आईपीएल से बाहर हुए।
27 वर्षीय खिलाड़ी 2019 से आईपीएल का हिस्सा हैं और इससे पहले पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके हैं, जहां उन्होंने 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ चैंपियनशिप जीती थी। 2022 टी20 विश्व कप विजेता ने छह आईपीएल में 997 रन और 59 विकेट लिए हैं। कुरेन ने भारत और श्रीलंका में हुए 2026 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के लिए खेला था, जहां इंग्लैंड सेमीफाइनल तक पहुंचा था।
इस बीच, लॉकी फर्ग्यूसन उन तेज गेंदबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं जो आईपीएल 2026 के शुरुआती दौर में नहीं खेल पाएंगे। पंजाब किंग्स द्वारा रिटेन किए गए न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने हाल ही में अपनी पत्नी के साथ एक बच्चे का स्वागत किया है और टूर्नामेंट के बाद के चरणों में टीम से जुड़ने से पहले घर पर कुछ समय बिताएंगे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच से पहले फर्ग्यूसन ने कहा कि अभी-अभी एक बेटा हुआ है, मैं घर पर जितना हो सके उतना समय बिताने और पत्नी की मदद करने की कोशिश कर रहा हूं। इसके बाद मुझे कुछ हफ्तों का आराम मिलेगा, फिर मैं आईपीएल के बाद के चरणों में हिस्सा लूंगा। फर्ग्यूसन ने हैमिल्टन में खेले गए दूसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड की सीरीज बराबर करने वाली जीत में तीन विकेट लिए।
रिकी पोंटिंग की कोचिंग और श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स पिछले सीज़न में उपविजेता रही थी। चोट लगने से पहले फर्ग्यूसन टीम के अभियान का अहम हिस्सा थे। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ दो गेंदें फेंकने के बाद ही वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे। उन्होंने अपनी बाईं जांघ पकड़ रखी थी, जिसे उस समय "काफी गंभीर" चोट बताया गया था।