नई दिल्लीः आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से है और सभी 10 टीम के खिलाड़ी जोश के साथ अभ्यास सत्र कर रहे हैं। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2025) आगामी इंडियन प्रीमियर लीग सीजन के पहले मैच में 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद की मेजबानी करेगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल 2026 की शुरुआत की तारीख की घोषणा करने के बाद 19वें इंडियन प्रीमियर लीग का आंशिक कार्यक्रम जारी किया है। आगामी विधानसभा चुनावों के कारण 2026 इंडियन प्रीमियर लीग के केवल 20 मैचों की घोषणा की गई है। दूसरे चरण मैचों की घोषणा बाद में की जाएगी। आपको बता दें कि 2019 में 8 टीम थी और सभी कप्तान इंडियन थे। इस बार 2026 में भी सभी कप्तान भारतीय खिलाड़ी हैं। 7 साल बाद फिर से कारनामा हुआ है।
आईपीएल 2026ः सभी 10 टीम के कप्तान भारतीय:
1. ऋतुराज गायकवाड़ः चेन्नई सुपर किंग्स
2.अक्षर पटेलः दिल्ली कैपिटल्स
3. शुभमन गिलः गुजरात टाइटन्स
4. अजिंक्य रहाणेः कोलकाता नाइट राइडर्स
5. हार्दिक पांड्याः मुंबई इंडियंस
6. रियान परागः राजस्थान रॉयल्स
7. रजत पाटीदारः रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
8 ईशान किशनः सनराइजर्स हैदराबाद
9, श्रेयस अय्यरः पंजाब किंग्स
10. ऋषभ पंतः लखनऊ सुपर जायंट्स।
राजस्थान रॉयल्स को रियान पराग के रूप में पूर्णकालिक कप्तान बनाया गया है, जिन्होंने संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने के बाद कप्तानी संभाली है। सनराइजर्स हैदराबाद भी अस्थायी नेतृत्व परिवर्तन के साथ सीज़न की शुरुआत करेगी, जिसमें ईशान किशन को कप्तान नियुक्त किया गया है क्योंकि पैट कमिंस चोट से उबर रहे हैं।
शेष आठ टीमों ने पिछले सीज़न के अपने कप्तानों को बरकरार रखा है। गौरतलब है कि सभी फ्रेंचाइजी कमिंस की वापसी तक भारतीय कप्तानों के साथ सीज़न की शुरुआत करेंगी। लीग के दो सबसे सफल कप्तान - एमएस धोनी और रोहित शर्मा, जिन्होंने पांच-पांच आईपीएल खिताब जीते हैं, अब अपनी-अपनी टीमों का नेतृत्व नहीं कर रहे हैं।
धोनी चेन्नई सुपर किंग्स में ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में खेलेंगे, जबकि रोहित मुंबई इंडियंस में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में खेलेंगे। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 2025 में अपनी पहली ट्रॉफी जीतने के बाद इस बार भी खिताब बरकरार रखने का लक्ष्य रखेगी।