अहमदाबाद: गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल के बेहद रोमांचक मैच में आखिरी दो ओवरों में बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर छह रन से जीत दर्ज करने के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा कि जोफ्रा आर्चर से 19वां ओवर कराने का सुझाव ध्रुव जुरेल ने दिया था। गुजरात को आखिर दो ओवरों में 15 रन की जरूरत थी और कैगिसो रबाडा के साथ राशिद खान खुलकर खेल रहे थे। ऐसे में 19वें ओवर में आर्चर ने सिर्फ चार रन दिये जबकि तुषार देशपांडे के आखिरी ओवर में भी चार ही रन बने और राशिद भी आउट हो गए।
मैच के बाद पराग ने कहा ,‘‘ मैं देशपांडे से 19वां और आर्चर से 20वां ओवर कराना चाहता था लेकिन जुरेल ने मुझसे कहा कि 19वां ओवर आर्चर से कराया जाये।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ यह बेहतरीन प्रदर्शन था । हमने जोखिम लिया और खिलाड़ियों ने उसे सही साबित कर दिखाया। जिस तरह से प्रदर्शन हम चाहते थे, वैसा ही आखिरी दो ओवरों में देखने को मिला।’’
वहीं गुजरात के कार्यवाहक कप्तान राशिद खान ने लगातार दूसरी हार के बावजूद कहा कि टूर्नामेंट अभी बहुत लंबा है और उनकी टीम गलतियों से सबक लेकर मजबूती से वापसी करेगी। उन्होंने कहा ,‘‘ हमें हालात और मैच की जरूरतों को बखूबी भांपना होगा। अभी टूर्नामेंट शुरू ही हुआ है। हम गलतियों से सबक लेकर मजबूती से लौटेंगे।’’
तुषार देशपांडे के सटीक आखिरी ओवर की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के बेहद रोमांचक मुकाबले में शनिवार को गुजरात टाइटंस को छह रन से हरा दिया । रॉयल्स की यह लगातार दूसरी जीत और गुजरात की लगातार दूसरी हार थी ।