HighlightsIPL 2025: ऋषभ पंत दिल्ली कैपिटल्स में बने रहेंगेIPL 2025: ऋषभ पंत दिल्ली कैपिटल्स में बने रहेंगेपंत 2016 से दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के साथ हैं
IPL 2025: चल रही अटकलों के विपरीत अब खबर आई है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) आईपीएल 2025 के लिए रिटेन करेगी। इससे पहले कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि पंत दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) छोड़ सकते हैं और पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में जा सकते हैं। कहा गया कि सीएसके भी पंत को अपने साथ जोड़ने के लिए इच्छुक है।
अब आईएएनएस ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज फ्रेंचाइजी के साथ बने रहेंगे। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को भी दिल्ली कैपिटल्स रिटेन कर सकती है। पंत, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव पिछले कुछ सीज़न में टीम के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहे हैं। 29 जून को बारबाडोस में भारत ने टी20 विश्व कप जीता था। ये तिकड़ी उस टीम का भी हिस्सा थी।
पंत 2016 से दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के साथ हैं। पंत डीसी का मुख्य आधार बन गए हैं। उन्होंने 111 मैचों में 35.31 के औसत और 148.93 के स्ट्राइक रेट से 3284 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और 18 अर्द्धशतक शामिल हैं। आईपीएल 2021, 2022 और 2024 में टीम की कप्तानी करने वाले पंत ने डीसी के लिए विकेटकीपर के रूप में 75 कैच भी लिए हैं और 38 स्टंपिंग भी की है।
हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स ने कई बदलाव किए हैं। फ्रेंचाइजी ने रिकी पोंटिंग को मुख्य कोच के पद से हटा दिया है। फ्रेंचाइजी इंडियन प्रीमियर लीग 2025 से पहले इस खाली जगह को भरने के लिए नए उम्मीदवार की तलाश में है। पोंटिंग पिछले 7 वर्षों से डीसी के कोच थे। टीम के निदेशक सौरव गांगुली अपनी भूमिका में बने रहेंगे। गांगुली जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कोचिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, जबकि सहायक कोच प्रवीण आमरे बने रहेंगे। दिल्ली कैपिटल्स की कोशिश मेगा ऑक्शन में कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़कर एक मजबूत टीम बनाने की है।