IPL 2025: विश्व चैंपियन भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़ अब अपनी जिम्मेदारियों से मुक्त हो चुके हैं। भारतीय टीम के कोच के रूप में उनका कार्यकाल टी20 विश्वकप तक ही था। अब गौतम गंभीर टीम इंडिया के नए हेड कोच बनाए गए हैं। भारतीय टीम का कोच बनने से पहले राहुल द्रविड़ आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच थे। अब एक बार फिर से राजस्थान रॉयल्स पूर्व भारतीय कोच राहुल द्रविड़ को अपने साथ जोड़ना चाहती है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि राजस्थान रॉयल्स राहुल द्रविड़ के साथ फ्रेंचाइजी में मुख्य कोच के रूप में फिर से जुड़ने के लिए बातचीत कर रही है।
आईपीएल 2025 सीज़न के शुरू होने से पहले द्रविड़ और राजस्थान रॉयल्स के बीच बातचीत चल रही है। जल्द ही इस संबंध में घोषणा की जा सकती है। फिलहाल कुमार संगकारा रॉयल्स के कोच और क्रिकेट निदेशक हैं। राजस्थान रॉयल्स ने 2008 में उद्घाटन संस्करण में खिताब अपने नाम किया था। लेकिन इसके बाद से ही टीम कई बार शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद चैंपियन बनने से चूक गई।
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक 51 वर्षीय द्रविड़ भारत के मुख्य कोच के रूप में बेहद सफल कार्यकाल के बाद अपने जीवन के अगले अध्याय के लिए तैयार हैं। वह राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच का पद संभालने के लिए तैयार हैं। द्रविड़ राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी भी कर चुके हैं। राहुल द्रविड़ का रॉयल्स के साथ लंबा जुड़ाव रहा है। उन्होंने पहले फ्रेंचाइजी की कप्तानी की थी। द्रविड़ की कप्तानी में आरआर 2013 में आईपीएल प्लेऑफ़ के साथ-साथ चैंपियंस लीग टी20 फाइनल तक पहुंची।
राजस्थान रॉयल्स के सभी कप्तानों में, द्रविड़ का रिकॉर्ड सबसे अच्छा है। संन्यास की घोषणा के बाद, द्रविड़ को आरआर का मेंटर बनाया गया था। भारत की अंडर 19 टीम का कोच बनने से पहले दो सीज़न के लिए द्रविड़ ने मेंटर के रूप में काम किया। यह स्पष्ट नहीं है कि क्या राजस्थान रॉयल्स संगकारा का कार्यकाल बढाएगी या नहीं। माना जा रहा है कि आईपीएल 2025 से पहले रॉयल्स के मुख्य कोच के रूप में राहुल द्रविड़ की नियुक्ति फ्रेंचाइजी का एक सही कदम होगा।