IPL 2024: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शनिवार (18 मई) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2024 मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 27 रनों से हरा कर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया। 218 रनों का पीछा कर रही सीएसके को केलव 200 रन बनाने थे। अगर वह ऐसा कर पाते तो प्लेऑफ में जाने के लिए जरूरी रन रेट के मामले में आरसीबी को पीछे छोड़ देते। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
अगर हम कहें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंचाने का श्रेय धोनी के एक छक्के को जाता है तो शायद आप यकीन न करें। लेकिन ऐसा ही हुआ है। 20वें ओवर धोनी क्रीज पर थे और गेंद थी यश दयाल के हाथो में। सीएसके को इस ओवर में सिर्फ 17 रन बनाने थे। यश दयाल को आरसीबी के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने अंतिम ओवर डालने के लिए कहा। गीली गेंद को पकड़ना मुश्किल हो रहा था और दयाल की पहली गेंद पर धोनी ने 110 मीटर लंबा छक्का मारा। ये छक्का इतना तगड़ा था कि गेंद स्टेडियम से बाहर चली गई।
यहीं से आरसीबी की किस्मत खुल गई। गेंद वापस नहीं आ सकती थी इसलिए दूसरी गेंद मंगाई जो सूखी थी। यश दयाल के लिए अब गेंद पर ग्रिप बनाना आसान हो गया। इसका परिणाम ये हुआ कि वह गेंद जहां फेंकना चाहते थे वहां फेंक पाए। दूसरी गेंद पर धोनी एक और छक्का लगाने के प्रयास में आउट हुए। तीसरी गेंद पर शार्दुल बीट हो गए। चौथी गेंद पर एक रन मिला। पांचवीं और छठी गेंद पर जडेजा एक भी रन नहीं बना पाए। इस तरह गीली गेंद खोने के कारण आरसीबी को सूखी गेंद मिली और मैच का नतीजा पलट गया।
आरसीबी अंक तालिका में चौथे स्थान पर है और अब एलिमिनेटर मैच खेलेगी, जो बुधवार (22 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद में से किसी एक टीम से उसका मुकाबला होगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 15 बार आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। तीन बार फाइनल खेल चुकी है। प्लेऑफ के 6 मुकाबले जीते हैं और 9 हारे हैं। पिछले तीन आईपीएल प्लेऑफ़ में एसआरएच, केकेआर और आरआर से हार जाने के बाद, आरसीबी इस साल उनमें से प्रत्येक के खिलाफ हिसाब बराबर करना चाहेगी और खिताब जीतना चाहेगी।