IPL 2022: आखिरी गेंद पर सबसे ज्यादा बार जीत! CSK के नाम अनोखा रिकॉर्ड, धोनी ने कल किया था कमाल

आईपीएल के इतिहास में आखिरी गेंद पर सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड चेन्नई सुपरकिंग्स के पास है। सीएसके ने गुरुवार को 8वीं बार ये कमाल किया। महेंद्र सिंह धोनी ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।

By विनीत कुमार | Updated: April 22, 2022 09:30 IST2022-04-22T09:28:39+5:302022-04-22T09:30:26+5:30

IPL 2022: CSK unique record of most number wins in IPL on the last ball | IPL 2022: आखिरी गेंद पर सबसे ज्यादा बार जीत! CSK के नाम अनोखा रिकॉर्ड, धोनी ने कल किया था कमाल

आखिरी गेंद पर धोनी ने दिलाई सीएसके को जीत (फोटो- ट्विटर, सीएसके)

मुंबई: चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने गुरुवार को बेहद रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को तीन विकेट से हरा दिया। मैच के हीरो रहे महेंद्र सिंह धोनी रहे। टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 17 रन की जरूरत थी और धोनी ने एक बार फिर ये कमाल कर दिखाया। आखिरी गेंद पर सीएसके को चार रन चाहिए थे और धोनी ने डीप लेग साइड में चौका जड़ टीम को जीत दिला दी। इसके साथ ही आईपीएल इतिहास में सीएसके के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड जुड़ गया।

सीएसके के नाम आखिरी गेंद पर सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड

आईपीएल के गुरुवार के मैच में जीत के साथ ही सीएसके ने आखिरी गेंद पर सबसे ज्यादा मैचों के जीतने के रिकॉर्ड को कायम रखा है। सीएसके के नाम आईपीएल में 8 बार आखिरी गेंद पर जीत का रिकॉर्ड है। इतनी बार किसी भी टीम ने ये कमाल नहीं किया है। इस मामले में दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस है जिसने 6 बार आखिरी गेंद पर जीत हासिल की है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी गेंद पर छह बार जीत हासिल की है। पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने तीन-तीन बार ये कमाल किया है। 

मुंबई इंडियंस अभी तक आईपीएल के इस सीजन में अब तक कोई मैच नहीं जीत सकी है। उसे लगातार सात शुरुआती मैचों में हार मिली है। ये भी एक रिकॉर्ड है जब आईपीएल में लगातार सात मैच कोई टीम हार गई है। इससे पहले 2013 में दिल्ली डेयरडेविल्स और 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को लगातार शुरुआती 6 मैचों में हार मिली थी।

धोनी की 'फिनिशर' पारी ने मुंबई इंडियंस का बेड़ा किया गर्क

धोनी (नाबाद 28 रन) लंबे समय बाद अपने ‘फिनिशर’ की भूमिका में गुरुवार को नजर आए। मुंबई इंडियंस ने तिलक वर्मा की नाबाद 51 रन की अर्धशतकीय पारी से खराब शुरुआत से उबरते हुए सात विकेट पर 155 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में सीएसके ने सात विकेट पर 156 रन बनाकर दूसरी जीत दर्ज की। मैच पर मुंबई इंडियंस ने पकड़ बना ली थी लेकिन अंतिम ओवरों के जीत दिलाने के माहिर धोनी ने अंत में फिर वही पुराना कमाल दिखा दिया।

अंतिम ओवर में छह गेंद में 17 बनाने थे जिसकी पहली गेंद पर ड्वेन प्रिटोरियस (22) उनादकट की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। दूसरी पर ब्रावो ने एक रन बनाया और धोनी ने साइट स्क्रीन की ओर छक्का और फिर शार्ट फाइन लेग पर एक चौका जड़ दिया। पांचवीं गेंद में दो रन बने और अंतिम गेंद में चार रन बनाने थे। धोनी ने आराम से चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।

Open in app