आईपीएल-2021 की शुरुआत अगले महीने होने जा रही है। ऐसे में सभी टीमें इसकी तैयारी में भी जुटी हुई है। इन सबके बीच चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टीम की नई जर्सी जारी की है। चेन्नई सुपर किंग्स ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें धोनी टीम की नई जर्सी अनबॉक्स करते नजर आ रहे हैं।
सीएसके की नई जर्सी दरअसल भारतीय सैन्य बलों को समर्पित है। धोनी भी टैरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद पर हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने साल 2008 के बाद पहली बार अपनी जर्सी को रिडिजाइन किया है। 9 अप्रैल से शुरू हो रहे आईपीएल में टीम इसी नई जर्सी के साथ अपने अभियान का आगाज करेगी।
जर्सी में सामने फ्रेंचाइजी के लोगो के ऊपर तीन स्टार लगे हुए हैं जो 2010, 2011 और 2018 में उसे मिली खिताबी जीत को दर्शाते हैं। इसके अलावा भारत की सशस्त्र सेना के सम्मानस्वरूप उसका ‘कैमॉफ्लॉज’ भी कंधे के ऊपरी हिस्से में डाला गया है।
चेन्नई सुपर किंग्स को अपना पहला मैच इस बार मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना है। ये मैच 10 अप्रैल को खेला जाना है। दिल्ली कैपिटल्स टीम पिछली बार उप-विजेता रही थी।
टीम की तैयारियों के लिए धोनी पहले ही चेन्नई पहुंच चुके हैं जहां सभी खिलाड़ियों का ट्रेनिंग सेशन जारी है। टीम के सभी खिलाड़ी 26 मार्च को मुंबई रवाना होंगे, जहां ट्रेनिंग से पहले वे क्वारंटीन में रहेंगे।
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स टीम के खिलाड़ी मुंबई पहुंचने लगे हैं। तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा और उमेश यादव, लेग स्पिनर अमित मिश्रा, हरफनमौला ललित यादव समेत दिल्ली कैपिटल्स के कई खिलाड़ी 23 मार्च को मुंबई में टीम होटल में एकत्र हुए। ये 30 मार्च तक क्वारंटीन में रहेंगे।
बहरहाल, दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में कंधे की हड्डी खिसकने के कारण आईपीएल के पहले चरण से बाहर रह सकते हैं। बता दें कि इस बार कोई टीम अपने होम ग्राउंड पर मैच नहीं खेलेगी।