मुंबई इंडियंस की टीम रविवार को खेले गए आईपीएल 2019 के फाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स को हराते हुए चार बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई।
वहीं इस जीत के साथ ही मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा पांच आईपीएल खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
रोहित ने इनमें से चार खिताब (2013, 2015, 2017, 2019) मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर और 2009 में एक खिताब डेक्कन चार्जर्स की तरफ से खेलते हुए जीता था।
रोहित ने बरकरार रखा कभी IPL फाइनल न हारने का रिकॉर्ड
अपना पांचवां आईपीएल फाइनल खेलते हुए रोहित शर्मा ने पांचवीं बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इसके साथ ही रोहित शर्मा ने अब तक किसी भी फाइनल में न हारने का अपना शानदार रिकॉर्ड भी बरकरार रखा।
साथ ही रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने चौथी बार खिताब जीता और वह ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले कप्तान बन गए। उनके बाद अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स को तीन खिताब जिताने वाले एमएस धोनी का नंबर है।
रोहित शर्मा के 5 आईपीएल खिताब
2009-डेक्कन चार्जर्स2013-मुंबई इंडियंस2015-मुंबई इंडियंस2017-मुंबई इंडियंस2019-मुंबई इंडियंस
इन खिलाड़ियों के नाम है 4 IPL जीत का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा के बाद सबसे ज्यादा चार आईपीएल खिताबी जीत का हिस्सा बनने वाले खिलाड़ियों में युसूफ पठान, हरभजन सिंह और अंबाती रायुडू के नाम शामिल हैं।
यूसुफ पठान ने आईपीएल के पहले सीजन में 2008 में राजस्थान रॉयल्स के साथ खिताब जीता था। इसके बाद पठान ने 2012 और 2014 में कोलकाता नाइटराइडर्स और 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ खिताब जीता। वहीं मुंबई इंडियंस के साथ तीन बार खिताब जीतने वाले हरभजन सिंह ने पिछले साल चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ चौथी बार खिताब जीता।